दिल्ली- आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल नेअमृतसर में एक महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी सरदार भगवंत मान भी मौजूद रहे। इस दौरान  केजरीवाल ने कहा कि जो पार्टी मिलकर चुनाव नहीं लड़ सकती है, वो पंजाब को क्या भविष्य देगी? इससे पहले हमने कांग्रेस सरकार के 111 दिन भी देखे और उसके पहले के 4.5 साल की सरकार भी देखी कि किस तरह से कांग्रेस के लोग आपस में ही लड़ रहे हैं। कांग्रेस एक सर्कस बन गई है। ऐसी पार्टी पंजाब को क्या भविष्य देगी, जिसमें सारे एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। ये सरकार कैसे चलाएंगे, जब ये पार्टी नहीं चल सकती। आज आम आदमी पार्टी एक परिवार और एक टीम की तरह पंजाब का पूरा एजेंडा तैयार कर रही है और अगले पांच साल में पंजाब का विकास कैसे होगा, वो पंजाब की जनता के साथ पंजाब के विकास की बात कर रही है। हमने दोनों सीटों पर सर्वे कराए हैं। एक बार कराया, तो नतीजे बड़े चौकाने वाले आए। फिर दोबारा और तीसरी बार भी सर्वे कराया। चन्नी  दोनों सीटों से हार रहे हैं और बहुत बुरी तरह से हार रहे हैं। चमकौर  में आम आदमी पार्टी 52 फीसद पर है, जबकि चन्नी  35 फीसद पर हैं। बदौर में आम आदमी पार्टी 48 फीसद पर है, जबकि चन्नी  30 फीसद पर हैं। चन्नी  सीएम चेहरा तो हैं, लेकिन सीएम नहीं बनेंगे। वो जब एमएलए ही नहीं बनेंगे, तो सीएम कैसे बनेंगे। लोग उनसे बहुत ज्यादा नाराज हैं। खासतौर से चमकौर  के लोग उनसे ज्यादा नाराज हैं। यहां से वो 2007 से एमएलए हैं। मीडिया ने भी वहां जाकर लोगों से बात की है और सब लोग कह रहे हैं कि जितनी रेता चोरी हो रही है, वो उनके संरक्षण में हो रही है। उन्होंने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। इस तरह इन दोनों ही सीटों से चन्नी  हार रहे हैं। इसलिए उनका सीएम बनने की कोई संभावना ही नहीं बनती है। वैसे तो कांग्रेस भी पंजाब में हार रही है।