नई दिल्ली- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार को दिल्ली भाजपा के सांसद, विधायक, पदाधिकारी, निगम पार्षद एवं कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के देश विरोधी मानसिकता के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद प्रवेश साहिब सिंह, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी एवं बरखा शुक्ला सिंह, पूर्वांचल मोर्चा जिला अध्यक्ष अमरेन्द्र शर्मा सहित अन्या भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल ने मुख्यमंत्री बनने के बाद टुकड़े.-टुकड़े गैंग एवं देश विरोधी मानसिकता वाले लोगों को समर्थन देने का काम किया है। शर्जिल इमाम जैसे मानसिकता वाले लोगों को सम्मान देने और अमानतुल्लाह खान एवं ताहिर हुसैन जैसे दंगाईयों को अपनी पार्टी में जगह देने का काम भी अरविंद केजरीवाल ने किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की इसी मानसिकता को उजागर करने का काम उनके ही अजीज दोस्त एवं आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे कुमार विश्वास ने किया है। भाजपा इस बात को बर्दाश्त नहीं करने वाली क्योंकि हमारे लिए देश पहले और पार्टी बाद में हैं। आदेश गुप्ता ने कहा कि जब पाकिस्तान को देश के जवानों द्वारा मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है तो उस पर केजरीवाल जैसे लोग प्रमाण मांगते हैं। किसान आंदोलन के बहाने लाल किले पर राष्ट्रीय तिरंगे का अपमान करने वाले का केजरीवाल ने सम्मान किया। आज उसी मानसिकता की देन है कि केजरीवाल यह भी कह रहे हैं कि या तो मैं पंजाब का मुख्यमंत्री बनुंगा या फिर स्वतंत्र देश का प्रधानमंत्री बनुंगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने गणतंत्र दिवस की परेड का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए थे। जिस दिन भारत का कानून बना और हर नागरिक देश के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करता है, उस दिन केजरीवाल ने संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए देश का अपमान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि कुमार विश्वास द्वारा केजरीवाल के बारे में दिया गया बयान आप मुखिया की सच्चाई, सोच एवं उनकी मानसिकता को दर्शाता है। सत्ता में आने से पहले केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसमे खाई थी और कहा था कि वह सरकार बनाने के लिए ना तो किसी का समर्थन लेंगे और ना ही समर्थन देंगे लेकिन आज अपनी स्वार्थ के लिए वह किस हद तक पहुंच गए हैं, इसका खुलासा हो चुका है।