वर्तमान में अंग्रेजी भाषा के बढ़ते हुए प्रभाव एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती की पहल पर शिक्षा विभाग नए सत्र से दक्षिणी निगम के प्रत्येक वार्ड में एक पूरी तरह अंग्रेजी माध्यम विद्यालय प्रारम्भ करने जा रहा है।  वर्तमान समय में अंग्रेजी भाषा के बढ़ते सामाजिक एवं रोजगारपरक प्रभाव के कारण काफी समय से इस बात की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। शिक्षा विभाग के निदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि नए सत्र 2022-2023 से दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के कुल 104 वार्ड में एक  एक अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय संचालित किए जायेंगे। इसके लिए आवश्यकता अनुसार अंग्रेजी माध्यम की पुस्तक खरीदने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है एवं निगम के अंग्रेजी माध्यम में कुशल अध्यापकों को इन विद्यालयों में लगाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि निगम के विद्यालय में संपूर्ण सुविधाओं जैसे की वाटर, खेल मैदान, स्मार्ट क्लास रूम, मुफ्त में भोजन, बैग, वर्दी, पुस्तक, स्टेशनरी एवं छात्रवृत्ति वितरण मिलने के बावजूद कुछ अभिभावक अपने बच्चो को निजी विद्यालयों में भेज रहे थे, जिसका प्रमुख कारण अंग्रेजी माध्यम था। इस पहल के बाद निगम के विद्यालयों में बच्चों की संख्या में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी। इसके अतिरिक्त शेष 464 निगम विद्यालयों में भी अंग्रेजी माध्यम के सेक्शन आवश्कता अनुसार संचालित किए जायेंगे ताकि अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा लेने के इच्छुक विद्यार्थी भी इन विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर सकें ।