नई दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में खिल रही धूप से मौसम कुछ गर्म हो गया है, हालांकि उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण शाम और रात में गलन की स्थिति बनी हुई है। वहीं दिन में हल्की ठंड भी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो शनिवार के मुकाबले 0.2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। विभाग के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस साल जनवरी माह का अंतिम सप्ताह का न्यूनतम तापमान कुछ ज्यादा रहा है, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में कम दर्ज किया गया। वहीं इस बार जनवरी माह में 6 दिन बारिश हुई जो पिछले साल के मुकाबले एक दिन ज्यादा है। वहीं 7 दिन बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़त दर्ज होगी। वहीं दिन में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में 2 फरवरी मौसम कुछ गर्म हो सकता है। वहीं 2 फरवरी की शाम तह पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जिससे दिल्ली में 3-4 फरवरी को बारिश हो सकती है। वहीं 3 फरवरी के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। वहीं 5 जनवरी से सुबह और शाम की ठंड जैसी स्थिति बन जाएगी। उधर, दिल्ली में चल रहे हवाओं के कारण प्रदूषण स्तर में तेजी से गिरावट हो रही है। शनिवार की देर रात प्रदूषण का स्तर दिल्ली के अधिकतर जगहों पर 400 का आंकड़ा पार कर गया, हालांकि रविवार शाम तक प्रदूषण स्तर में काफी गिरावट हुई और आंकड़ा 171 के करीब पहुंच गया, लेकिन दिल्ली के कई जगहों पर प्रदूषण स्तर 500 से अधिक रहा। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के अनुसार रविवार को आनंद विहार में प्रदूषण स्तर 585 दर्ज किया गया। इसके अलावा द्वारका सेक्टर 8 में 704, वजीरपुर में 317 दर्ज किया गया। वहीं पूठ खुर्द, बवाना, नेहरू नगर, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज, मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, पटपडग़ंज, विवेक विहार, सोनिया विहार, नरेला, नजफगढ़, रोहिणी, ओखला फेज-2, अशोक विहार, जहांगीरपुरी, अलीपुर, पूसा, मुंडका और पंजाबी बाग में प्रदूषण का स्तर 250 से नीचे रहा।