नई दिल्ली- दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने सभी नागरिकों को राष्ट्रीय मतदाता जागरुकता प्रतियोगिता-मेरा वोट मेरा भविष्य-एक वोट की शक्ति में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। यह प्रतियोगिता भारत के चुनाव आयोग की ओर से चलो वोटर बने हम अभियान को मजबूत करने के लिए शुरू की गई है। इस मौके पर डॉ रणबीर सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता मतदाताओं को उनकी रचनात्मक कल्पना के साथ मतदान की प्रक्रिया को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रोत्साहित करने का एक बेहतरीन प्रयास है। इसके साथ ही सीईओ ने जिला चुनाव अधिकारियों (डीएम) को प्रतियोगिता के बारे में संदेश फैलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता दिल्ली की चुनावी भागीदारी को बढ़ावा देगी और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करेगी। उन्होंने नागरिकों के बीच इस देशव्यापी प्रतियोगिता की सूचना प्रसारित करने के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों को भी प्रोत्साहित किया। विभिन्न स्कूल, कॉलेज और संस्थानों में स्थापित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों के माध्यम से भी युवाओं को इस प्रतियोगिता के बारे में जागरूक किया जाएगा। डॉ सिंह ने बताया कि इस विशेष प्रतियोगिता की थीम है मेरा वोट मेरा भविष्य- एक वोट की शक्ति। यह प्रतियोगिता लोगों की कला को उजागर करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। प्रतियोगिता की 5 श्रेणियां गीत प्रतियोगिता, वीडियो बनाना, पोस्टर डिजाइन, स्लोगन लेखन और क्विज हैं जिसमें सभी नागरिक भाग ले सकते हैं। प्रतियोगी 22 भाषाओं में अपनी एंट्री भेज सकते हैं। एंट्री भेजने की आखिरी दिनांक 15 मार्च 2022 है। सीईओ ने कहा कि विजेताओं को आकर्षक कैशप्राइज और ई-सर्टिफिकेट्स से सम्मानित किया जाएगा। यह देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लागू करने में मदद करेगा। विजेताओं को वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता के लिए 2 लाख रुपए तक, गीत प्रतियोगिता के लिए 1 लाख रुपए, पोस्टर डिजाइन के लिए 50 हजार रुपए, स्लोगन लेखन के लिए 20 हजार रुपये तक दिए जाएंगे। इसी के साथ विशेष श्रेणी के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता को इंस्टीट्यूशनल, प्रोफेशनल और एमेच्योर की 3 अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता के लिए एंट्री भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची के अनुसार किसी भी आधिकारिक भाषा में दी जा सकती है। 22 आधिकारिक भाषाएं हैं जिनमें असमिया, बंगाली, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, कोंकणी, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, नेपाली, उडिय़ा, पंजाबी, संस्कृत, सिंधी, तमिल, तेलुगु, उर्दू, बोडो, संथाली, मैथिली, और डोगरी शामिल हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न दिशा-निर्देश, नियम और शर्तें वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।