नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली के बाजारों को प्लास्टिक कचरा मुक्त क्षेत्र बनाने के प्रयास में पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने  भारतीय प्रदूषण नियंत्रण संघ के सहयोग से जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान एक महीने के लिए चलाया जाएगा। इस अभियान में पूर्वी दिल्ली के विभिन्न बाजारों में जगह-जगह पर प्लास्टिक एक्सचेंज-कियोस्क लगाना शामिल होगा। इन कियोस्क में स्थानीय लोगों और दुकानदारों को प्लास्टिक कचरे के बदले कपड़े के बैग दिए जायेंगे और साथ ही नागरिकों को सिंगल-यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी शिक्षित किया जाएगा। इस बारे में निगमायुक्त विकास आनंद ने कहा कि प्लास्टिक हमारे पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है और हम प्लास्टिक की प्रवृति को तो बदल नहीं सकते हैं लेकिन हम अपनी आदतों में बदलाव कर सकते हैं। निगमायुक्त ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त अभियान के साथ जुडक़र हमें प्लास्टिक को अपनी जीवनशैली से हटाना है ताकि हम अपने पर्यावरण को बचा सकें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के आधार पर ही पूर्वी दिल्ली क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है। बता दें कि पूर्वी निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ यह अभियान लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार, लाल क्वार्टर, छोटा बाजार, रोह ताश नगर और मधु विहार में सब्जी बाजार, सैनी एन क्लेव ,मेट्रो स्टेशन के पास, खुरेजी फल बाजार, दिलशाद गार्डन और सतनाम रोड, कृष्णा नगर आदि स्थानों पर यह अभियान शुरू किया जाएगा और धीरे धीरे अन्य क्षेत्रों में भी यह अभियान चलाया जायेगा।