नई दिल्ली- दिल्ली मेट्रो के सैकड़ों यात्रियों को सोमवार सुबह एलो लाइन के कई स्टेशनों पर काफी भीड़भाड़ का सामना करना पड़ा। एलो लाइन पर एक ट्रेन में तकनीकी खामी के कारण सुल्तानपुर और घिटोरनी स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं करीब तीन घंटे तक बाधित रहीं। दिल्ली मेट्रो की एलो लाइन दिल्ली में समयपुर बादली को गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक ट्रेन में तकनीकी खामी के कारण सुल्तानपुर और घिटोरनी के बीच सुबह सात बजे से 10 बजे तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध न होने के कारण हजारों लोग फंस गए।कई यात्रियों ने मेट्रो स्टेशन पर तथा उनके आसपास मची अफरा-तफरी की तस्वीरें और वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किए। एक वीडियो में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए सवारी गाडय़िों के अलावा अन्य वाहन का इस्तेमाल करते हुए भी देखा गया। एक अन्य वीडियो में एक यात्री को साइकिल पर जा रहे एक प्लम्बर से लिफ्ट मांगते हुए देखा गया। प्लम्बर ने करीब सात किलोमीटर तक अपनी साइकिल पर बैठाकर यात्री की उसके दफ्तर पहुंचने में मदद की। उसने लिखा, जब मेट्रो सेवाएं बाधित हो गईं तो राजेंद्र ने करीब सात किलोमीटर दूर तक साइकिल से मुझे पहुंचाने में मदद की और एक भी पैसा नहीं लिया। कई लोगों को सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशन से गुडग़ांव तक पैदल जाते हुए देखा गया। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि एलो लाइन पर सामान्य सेवाएं सुबह 10 बजे के कुछ मिनट बाद बहाल कर दी गईं। इससे पहले उसने सुबह करीब सात बजे ट्वीट कर यात्रियों को सेवाओं में बाधा की सूचना दी थी। डीएमआरसी ने कहा था, एलो लाइन पर सुल्तानपुर और घिटोरनी के बीच सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। हुडा सिटी सेंटर और घिटोरनी के साथ ही सुल्तानपुर और समयपुर बादली के बीच सेवाएं उपलब्ध हैं।बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं। इससे करीब 20 मिनट पहले उसने ट्वीट किया था कि घिटोरनी और सुल्तानपुर के बीच सेवाओं में विलंब है।