रांची- झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन को सांस लेने में परेशानी के बाद यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि सोरेन की स्थिति अब स्थिर है। झारखंड के 79 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री को लोअर ट्रैक्ट रेस्पिरेटरी संक्रमण हुआ है। सोरेन को सांस लेने में शिकायत के बाद बृहस्पतिवार शाम को यहां एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता की तस्वीर ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, आज आदरणीय बाबा थोड़ा अस्वस्थ महसूस कर रहे थे जिसके बाद उन्हें रांची स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। आदरणीय बाबा जल्द स्वस्थ होकर हम सभी के बीच होंगे। मेदांता अस्पताल के चिकित्सक अधीक्षक डॉ अजित सिंह ने बताया, शिबू सोरेन को कल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उन्हें गुर्दे की पुरानी बीमारी भी है। फिलहाल,उनके लोअर ट्रैक्ट रेस्पिटेरी संक्रमण से पीड़ित होने का पता चला है।और जांच की जा रही हैं। सिंह ने कहा कि मरीज़ को एंटीबायोटिक दी गई हैं और उन पर इलाज का असर हो रहा है।चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि अलग अलग विभागों की टीम उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें थोड़ा ऑक्सीजन दी जा रही है और वह ठीक हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो नेता की हालत अब स्थिर है।शिबू सोरेन गुरुजी नाम से जाने जाते हैं। वह 2005 से 2010 के बीच राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। वह आठ बार लोकसभा सदस्य रहे हैं और अब राज्यसभा के सदस्य हैं।