नई दिल्ली – भारत सरकार के पीएम पोषण (मिड-डे मील योजना) के कार्यान्वयन भागीदार ‘द अक्षय पात्र फाउंडेशन’ ने दिल्ली में मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम का शुभारंभ किया। यह पहल बाल पोषण को सुदृढ़ करने के साथ-साथ फाउंडेशन के उस संकल्प को भी साकार करती है कि भारत में कोई भी बच्चा भूख के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। इस पहल का उद्देश्य पिछले 6 वर्षों में अक्षय पात्र के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए 90,000 स्कूली बच्चों को रेडी-टू-ईट मॉर्निंग एनर्जी स्नैक्स प्रदान करना है। मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम प्रारंभिक पोषण की उस महत्वपूर्ण आवश्यकता को संबोधित करेगा, जो बच्चों के संज्ञानात्मक विकास, कक्षा में सहभागिता और दीर्घकालिक अधिगम परिणामों को सीधे प्रभावित करती है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उपस्थित रहीं। साथ ही एमसीडी शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर अक्षय पात्र के सह-संस्थापक एवं उपाध्यक्ष चंचलापति दास तथा अक्षय पात्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरतर्षभ दास भी उपस्थित थे। अक्षय पात्र ने वर्ष 2019 में गोल मार्केट में अपनी पहली रसोई स्थापित कर दिल्ली में कार्य प्रारंभ किया था, जिसकी क्षमता 20,000 बच्चों को भोजन प्रदान करने की है। अब दिल्ली में छह वर्ष पूर्ण करते हुए, फाउंडेशन समयपुर बादली, जहांगीरपुरी, मोहन कोऑपरेटिव और गोल मार्केट स्थित रसोइयों के माध्यम से प्रतिदिन सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के 90,000 से अधिक बच्चों को मिड-डे मील प्रदान कर रहा है। वर्ष 2019 से अब तक अक्षय पात्र द्वारा दिल्ली में 6 करोड़ से अधिक भोजन परोसे जा चुके हैं। मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम इस सुदृढ़ आधार को आगे बढ़ाते हुए बच्चे के स्कूल दिवस के प्रारंभिक घंटों तक फाउंडेशन की पहुंच का विस्तार करेगा।अनुसंधान लगातार पुष्टि करते हैं कि पर्याप्त सुबह का भोजन किए बिना स्कूल आने वाले बच्चे ध्यान केंद्रित करने, जानकारी ग्रहण करने और सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने में कठिनाई अनुभव करते हैं। इस अंतर को पाटने के लिए मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम की परिकल्पना वर्ष 2024 में की गई, ताकि प्रत्येक बच्चा कक्षा में केवल उपस्थित ही नहीं, बल्कि तैयार होकर पहुंचे। वर्तमान में यह कार्यक्रम 6 राज्यों में प्रतिदिन औसतन 8 लाख एमएनपी (मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम) सर्विंग्स प्रदान करता है, जिससे बच्चों को पौष्टिक सुबह का भोजन मिलता है और वे कक्षा में पोषित, सजग और सीखने के लिए तैयार पहुंचते हैं। इस कार्यक्रम ने विद्यालय उपस्थिति, ध्यान क्षमता और समग्र बाल कल्याण पर सकारात्मक प्रभाव प्रदर्शित किया है, और इसका दिल्ली में विस्तार प्रभावी पहलों को व्यापक स्तर पर लागू करने के फाउंडेशन के संकल्प का प्रमाण है। माननीय मुख्यमंत्री, श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि अक्षय पात्र फाउंडेशन को दिल्ली में छह वर्षों की निरंतर सेवा और “मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम” के शुभारंभ के लिए साधुवाद। दिल्ली सरकार इस पुनीत प्रयास में पूर्ण सहयोग के साथ आपके साथ दृढ़ता से खड़ी है। सेवा का यह संकल्प निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही हमारी कामना है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में पीएम पोषण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून और पोषण अभियान ने देश में पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। आज हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। यह संकल्प केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सशक्त निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होने कहा कि मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम जैसे प्रयास बच्चों के स्वास्थ्य, ऊर्जा और सीखने की क्षमता को सशक्त बनाकर शिक्षा की नींव मजबूत करते हैं। सरकार और अक्षय पात्र जैसे संगठनों के बीच सहयोग देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि अक्षय पात्र ने दिखाया है कि समर्पण और सामूहिक प्रयास किस प्रकार मानवीय दृष्टि को राष्ट्रीय आंदोलन में बदल सकते हैं। स्कूल के बच्चों की भूख मिटाकर संस्था शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। अक्षय पात्र फाउंडेशन के सह-संस्थापक एवं उपाध्यक्ष श्री चंचलापति दास ने कहा कि 25 वर्ष पूर्व अक्षय पात्र ने कुछ विद्यालयों में मात्र 1500 बच्चों को भोजन प्रदान कर अपनी यात्रा शुरू की थी। आज हम उसी मिशन के साथ मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम का विस्तार कर रहे हैं ताकि बच्चे पोषित होकर अपने विद्यालय दिवस की शुरुआत कर सकें। उन्होंने दिल्ली सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का पोषण राष्ट्र के भविष्य में निवेश है। अक्षय पात्र भारत सरकार के प्रमुख पीएम पोषण कार्यक्रम का गर्वपूर्वक क्रियान्वयन कर रहा है, जिसके अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को पौष्टिक मिड-डे मील प्रदान किए जाते हैं। वर्तमान में फाउंडेशन भारत के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में प्रतिदिन 23.5 लाख से अधिक बच्चों को भोजन प्रदान कर रहा है और वर्ष 2030 तक 30 लाख बच्चों को मिड-डे मील तथा मॉर्निंग न्यूट्रिशन स्नैक्स प्रदान करने का लक्ष्य रखता है। अक्षय पात्र फाउंडेशन के बारे में,अक्षय पात्र फाउंडेशन एक सामाजिक प्रभाव संगठन है, जो कक्षा में भूख की समस्या का समाधान करने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत सरकार की पीएम पोषण योजना के कार्यान्वयन भागीदार के रूप में, फाउंडेशन 25,000 से अधिक विद्यालयों में लाभार्थी बच्चों को 23.5 लाख मिड-डे मील प्रदान करता है। अक्षय पात्र ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के 78 स्थानों पर सुदृढ़ परिचालन नेटवर्क स्थापित किया है, जिसमें 76 अत्याधुनिक केंद्रीकृत रसोइयाँ शामिल हैं, जो अपने पैमाने, दक्षता और खाद्य सुरक्षा मानकों के लिए वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं।
