नई दिल्ली – शहीद सुखदेव कॉलेज ऑफ बिज़नेस स्टडीज़ में आज ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और जिम्मेदारी पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता युवा आइकन मन्नत भाटिया रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल अपने करियर तक सीमित न रहे, बल्कि समाज और देश के विकास में भी सक्रिय योगदान दे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों में सकारात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश के भविष्य का निर्माण युवा शक्ति के हाथों में है और यदि युवा अपने कौशल, शिक्षा और मूल्यों को सही दिशा में उपयोग करें तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य जल्द ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने सपनों को केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र की उन्नति से जोड़ें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे और वक्ताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस संवाद ने युवाओं को अपने विचार साझा करने और नई दृष्टि प्राप्त करने का अवसर दिया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को नीति-निर्माताओं, युवा नेताओं और प्रेरक व्यक्तित्वों से जुड़ने का मंच प्रदान करते हैं। इससे छात्रों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक तथा मार्गदर्शक बताया।

Leave a Reply