अमित कुमार
नई दिल्ली- दिल्ली के कानून और न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला, संस्कृति और भाषा, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों को कैशलेस मेडिकल सुविधा तो मिलनी ही चाहिए । उन्होंने यह बात “मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति “ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कही । समिति का यह प्रतिनिधिमंडल पत्रकारों की माँगो का ज्ञापन लेकर उनसे मिलने गया था । श्री मिश्रा को संगठन की ओर से पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था लेकिन उन्होंने कहा कि वह कुछ अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके और इसके लिए उन्होंने खेद व्यक्त किया । लेकिन सफल आयोजन के लिए समिति के अध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता समेत प्रतिनिधिमंडल को बधाई दी। कपिल मिश्रा से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में समिति के जनरल सेक्रेटरी रजनीकांत तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक कौशिक, गौरव शर्मा, श्याम सुंदर और अमित कुमार शामिल थे । इस मौके पर कपिल मिश्रा को प्रतीक चिह्न, शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया ।इस मौके पर कपिल मिश्रा ने पत्रकारों की मांगों पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारों को कैशलेस मेडिकल सुविधा तो मिलनी ही चाहिए । लेकिन अन्य मांगों जिनमें पत्रकारों को पेंशन, डीटीसी की अंतराजीय बसों में मुफ्त यात्रा समेत अन्य मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का भरोसा दिया ।समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं। कठिन परिस्थितियों, जोखिम और लगातार जिम्मेदारियों के बीच पत्रकार जनहित की आवाज को सामने लाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
