नई दिल्ली- अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना और पुरस्कार बटोरने के बाद बनारस के दो बेटों की फिल्म ‘खोया पाया’ अब अपने शहर लौट रही है। निर्माता हेमांशु राय और निर्देशक आशुतोष सिंह की इस फिल्म का चयन जागरण फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ है। फिल्म की स्क्रीनिंग 11 से 13 सितंबर के बीच वाराणसी और प्रयागराज में होगी।फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर नवंबर 2025 में आईएफएफआई गोवा के स्पेशल स्क्रीनिंग सेक्शन में हुआ था। इसके बाद नई दिल्ली के आईएफएफडी व्यूइंग रुम में भी इसका प्रदर्शन किया गया। जुलाई 2026 में मॉस्को के विदिन दी फैमिली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इंटरनेशनल प्रीमियर के दौरान फिल्म ने बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट सिनेमैटोग्राफी के दो पुरस्कार अपने नाम किए। इसके अलावा फिल्म का चयन ब्रेकिंग डाउन बैरियर्स 2026 (मॉस्को) और 7वां इंडिका डलास फिल्म उत्सव (अमेरिका) के लिए भी हुआ है।खोया पाया’ की कहानी मां-बेटे के रिश्ते, बुजुर्गों की देखभाल और डिमेंशिया जैसी गंभीर समस्या पर आधारित है। फिल्म में कुंभ मेले की पृष्ठभूमि के साथ प्रशासन और पुलिस के मानवीय पक्ष को भी संवेदनशीलता से दिखाया गया है।फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सीमा बिस्वास, अंजली पाटिल और चंदन रॉय सान्याल अहम भूमिकाओं में हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली सफलता के बाद अब निर्माता और निर्देशक अपने गृह नगर के दर्शकों के बीच फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर उत्साहित हैं। फिल्म अगले वर्ष की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।
