नई दिल्ली – नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की नई हिंदी पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का आज नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के भीम सभागार में विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र द्वारा किया गया। पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन ने किया है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने पुस्तक का विमोचन किया और मुख्य वक्तव्य दिया। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं,भूटान की राजकुमारी महामहिम प्रिंसेस सोनम देचन वांगचुक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ भूटान की महारानी माता महामहिम आशी दोरजी वांगचुक भी उपस्थित रहीं।राम पर सदियों से लिखा जाता रहा है, लेकिन श्री सत्यार्थी ने अपनी पुस्तक में एक अलग सवाल उठाया है कि आखिर इतने सारे लोग राम की पूजा तो करते हैं, लेकिन उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने वाले इतने कम क्यों हैं? पुस्तक में उनका तर्क है कि हमने राम को भगवान बनाकर अन्याय समाप्त करने की जिम्मेदारी उन्हीं पर छोड़ दी है और इस तरह स्वयं अपनी जिम्मेदारियों से बच निकलते हैं।पुस्तक विमोचन के अवसर पर श्री सत्यार्थी ने कहा, “यदि हम राम को उनके करुणामय स्वरूप में देखें, तो उनसे सीखने के लिए बहुत कुछ है। राम से हर व्यक्ति को जोड़ने वाली भावना उनकी करुणा है, यानी वही करुणा जो हम सभी के भीतर विद्यमान है। करुणा ही राम का सार है। राम करुणा के साक्षात स्वरूप हैं।इस अवसर पर महामहिम प्रिंसेस सोनम देचन वांगचुक ने कहा यह भूटान के लिए बड़े सम्मान की बात है कि श्री सत्यार्थी ने हमारे देश को रामराज्य का एक अच्छा उदाहरण बताया है।उन्होंने राम के आदर्शों को समझने और उन्हें आत्मसात करने के लिए आगे आ रहे युवाओं की भी सराहना की।यह पुस्तक राम को एक मानवीय व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत करती है। उन्होंने बिना किसी विरोध के राजसिंहासन का त्याग कर दिया। जीवन में आए दुखों और वियोग से विचलित होने के बावजूद उन्होंने दोबारा स्वयं को संभाला। रावण को पराजित करने के बाद उन्होंने स्वयं लंका पर शासन नहीं किया, बल्कि उसका राज्य विभीषण को सौंप दिया। श्री सत्यार्थी के अनुसार, इन सभी प्रसंगों को एक सूत्र में बांधने वाली शक्ति करुणा थी।श्री सत्यार्थी अपनी पुस्तक में लिखते हैं,मैं न तो किसी धर्मग्रंथ का विशेषज्ञ हूं और न ही राम के प्रति किसी अंधभक्ति या पूर्वाग्रह से बंधा हूं। फिर भी अपने सीमित ज्ञान और व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और व्यावहारिक पक्ष यह है कि वे करुणानायक हैं, अर्थात करुणा के नायक।उनके अनुसार, करुणा वह शक्ति है, जो तब जन्म लेती है जब हम किसी दूसरे व्यक्ति के दुख को अपना दुख महसूस करते हैं और उसे दूर करने के लिए कुछ करने की प्रेरणा पाते हैं। यह पुस्तक राम के जीवन में करुणा के इसी स्वरूप को चार स्तरों पर प्रस्तुत करती है परिवार,समाज, व्यवस्था और स्वयं का जीवन।डॉ. मोहन भागवत ने इस अवसर पर कहा,दूसरे के दुख को दूर करने के लिए कुछ करने की प्रेरणा हमारे भीतर स्वाभाविक रूप से मौजूद होती है। यही हमारी करुणा है।पुस्तक में वर्णित प्रसंग बेहद व्यावहारिक और प्रेरणादायक हैं। एक प्रसंग में राम एक नाविक को गले लगाते हैं और उसे पुरुषों में श्रेष्ठ बताते हैं, उस समय जब किसी व्यक्ति का सामाजिक मूल्य उसके जन्म से तय किया जाता था। शबरी को, जिन्हें अक्सर एक असहाय वृद्ध महिला के रूप में दिखाया जाता है, इस पुस्तक में एक विदुषी महिला के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिन्होंने स्वयं आगे बढ़कर पहल की थी।पुस्तक में रावण और राम के बीच के अंतर को भी करुणा के दृष्टिकोण से समझाया गया है। रावण के पास राम से अधिक धन, ज्ञान और शक्ति थी, लेकिन श्री सत्यार्थी के अनुसार उसमें करुणा का अभाव था और अंततः यही उसके पतन का कारण बना।श्री सत्यार्थी ने पुस्तक में बच्चों के साथ अपने पांच दशकों से अधिक के अनुभवों को भी शामिल किया है। वे बाल मित्र ग्राम (बच्चों के अनुकूल गांव) के एक अनुभव का उल्लेख करते हैं, जहां बच्चों ने उन्हें बताया कि गांव के कुओं तक को जाति के आधार पर बांट दिया गया था। बच्चों की परिषद ने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद गांव के सभी चार कुएं प्रत्येक व्यक्ति के लिए खोल दिए गए।पुस्तक का समापन रामराज्य की अवधारणा को करुणामय शासन व्यवस्था के रूप में प्रस्तुत करते हुए होता है। ऐसी शासन व्यवस्था, जो न्याय, समानता, पारदर्शी जवाबदेही और प्रकृति के प्रति सम्मान पर आधारित हो। इसमें प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भय के राजा से सवाल पूछने का अधिकार भी शामिल है।

Leave a Reply