नई दिल्ली- तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली मेट्रो के तीन गलियारों पर गुरुवार को करीब दो घंटे तक सेवाएं प्रभावित रहीं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम  ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान कई स्टेशनों पर लंबी कतारें लग गईं, जिसकी तस्वीरें यात्रियों ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। इस दौरान डीएमआरसी ने यात्रियों को सचेत करने के लिए सुबह करीब नौ बजे ट्वीट कर कहा कि वायलेट, ग्रीन और पिंक लाइन पर सेवाओं में विलंब। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सेवाओं में विलंब तकनीकी खराबी के कारण हुआ। डीएमआरसी ने करीब साढ़े 11 बजे ट्वीट करके सेवाओं के सामान्य होने की जानकारी दी। उसने ट्वीट किया, सेवाएं सामान्य हो गईं है। हालांकि, किसी अन्य असुविधा से बचने के लिए, अब भी प्रणाली पर नजर रखी जा रही है।