नई दिल्ली- कोरोना संकट के बाद मेट्रो के चौथे चरण के काम में तेजी आई है। इस चरण में तीन नए कोरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर निर्माण कार्य को जल्द पूरा करना चाहता है। इसके लिए नए मेट्रो डिपो बनाने की जगह पहले से उपलब्ध डिपो की क्षमता बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसके तहत पिंक लाइन पर बन रहे मजलिस पार्क,मौजपुर कारिडोर और मजेंटा लाइन के जनकपुरी पश्चिमी, आरके आश्रम मार्ग कारिडोर की जरूरतों को पूरा करने के लिए मुकुंदपुर डिपो का विस्तार किया जाएगा। मुकुंदपुर डिपो में इस समय मेट्रो ट्रेनों को खड़ी करने व इनके अनुरक्षण कार्य के लिए 24 स्टेबलिंग लाइनें हैं। इनमें से 11 की लंबाई बढाकर इनका इस्तेमाल पिंक लाइन के लिए किया जाएगा। शेष 13 लाइनें मजेंटा लाइन की ट्रेनों के लिए उपलब्ध होंगी। साथ ही इस डिपो का बोझ कम करने के लिए मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन पर छह नई एलिवेटेड स्टेबलिंग लाइन बनाने की योजना है। यह मजेंटा लाइन के जसोला विहार शाहीनबाग मेट्रो स्टेशन पर बने एलिवेटेड स्टेबलिंग लाइन की तरह होगा। डीएमआरसी का कहना है कि सरिता विहार और अजरौंदा स्थित डिपो की क्षमता बढाने का भी काम चल रहा है। इससे चौथे चरण की सिल्वर लाइन पर बन रहे दिल्ली एयरो सिटी. तुगलकाबाद कारिडोर तथा वायलेट लाइन पर पहले से संचालित कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह कारिडोर की जरूरतें पूरी हो सकेगी। डिपो के विस्तार कार्य के लिए निविदा आवंटित कर दी गई है। मुकुंदपुर डिपो का विस्तार कार्य अगले वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए डिपो बनाने के लिए अतिरिक्त भूमि की जरूरत होती है। भूमि अधिग्रहण में ज्यादा समय लगने से समय पर निर्माण कार्य पूरा करने में परेशानी होती है। इस समस्या से बचने के लिए डीएमआरसी ने यह कदम उठाया है। उसका ज्यादा ध्यान कारिडोर और मेट्रो स्टेशन पर है। इस समय दिल्ली मेट्रो में कुल 28 मेट्रो स्टेशन हैं। तीन नए कारिडोर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इनकी संख्या बढक़र 37 हो जाएगी। जनकपुरी पश्चिम. आरके आश्रम कारिडोर के इंटरचेंज स्टेशन,जनकपुरी पश्चिम, पीरागढ़ी, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश व आरके आश्रम। एरोसिटी, तुगलकाबाद कारिडोर के इंटरचेंज स्टेशन,दिल्ली एरोसिटी,छतरपुर, तुगलकाबाद, मजलिस पार्क, मौजपुर के इंटरचेंज स्टेशन, मौजपुर, बाबरपुर व मजलिस पार्क शामिल है।