नई दिल्ली- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि रोहिग्या-बंग्लादेशियों की जांच के लिए अदालत में पीआईएल पिछले पांच सालों से विचाराधीन है क्योंकि केजरीवाल सरकार से बार-बार जवाब मांगने पर वह ठीक उसी प्रकार का सहयोग नहीं कर रही है जिस तरह से कन्हैया कुमार के मामले में टाल-मटोल करती रही है। मैं केजरीवाल सरकार से पूछना चाहता हूं कि रोहिग्या-बंग्लादेशियों के मामले में अदालत को क्यों जवाब नहीं दे रहे हैं और कब तक जवाब देंगे। आदेश गुप्ता ने कहा कि हमने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर उन्हें सुझाव दिए कि इस पूरे मामले की जांच दो तरह से जरूर करें, इस दंगे में आम आदमी पार्टी के कौन-कौन शामिल हैं क्योंकि इससे पहले दिल्ली में जो भी दंगे हुए थे उसमें आम आदमी पार्टी के पार्षद, नेता और उनके लोग ही मास्टरमाइंड थे। जहांगीरपुरी में शोभायात्रा पर किए गए पथराव में जो लोग पकड़े गए हैं उनमें अंसार का कनेक्शन भी आम आदमी पार्टी से ही है। गुप्ता ने कहा कि आज चाहे वह 84 के दंगे हो या 1966 में संतों पर गोली चलाना हो, कश्मीर घाटी हो, मेरठ, मुरादाबाद, भागलपुर या फिर हुबली में दंगे कराकर जिसने भी जाति-धर्म के नाम पर जनता को विभाजित करने की राजनीति की है, आज उन्हें जनता ने उन्हें दरकिनार कर दिया है। आज आम आदमी पार्टी को समझना होगा कि देश में चाहे कांग्रेस हो या वामपंथी हो जिन्होंने भी दंगे कराने की कोशिश की आज उनका हश्र सबके सामने है और दिल्ली में दंगों के जो भी गुनाहगार पकड़े जाते हैं, उन्हें आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं का संरक्षण प्राप्त होता है। पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाई करने की जगह गुनाहगारों की गिरफ्तारी पर सवाल उठाना भी संदेह के दायरे में आता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा बाधा नहीं अवसर चाहता है, विभाजन नहीं विकास चाहता है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से देश को विभाजन करने वाली शक्तियां सक्रिय होकर देश की राजधानी दिल्ली में जिस तरह से दंगे करवाकर लोगों को धर्म एवं जाति के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही हैं, उसमें उनको कभी कामयाबी नहीं मिलने वाली है। आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस को बदनाम करने के लिए केजरीवाल ने सोची समझी साजिश के तहत पुलिसवालों पर हमला करवाया है, लेकिन दिल्ली पुलिस दंगाइयों के सामने दीवार बनकर खड़ी हो गई और बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। वोट बैंक की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी रोहिंग्या.बांग्लादेशियों को संरक्षण दे रही है, उन्हें मुफ्त में बिजली, पानी और राशन दे रही है और हमने पुलिस कमिश्नर से इस कनेक्शन की जांच करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास पर विश्वास करती है और इसलिए सभी दिल्ली वालों से हमारी मांग है कि अगर आपको दंगाइयों के खिलाफ किसी भी प्रकार का प्रमाण मिले तो उसे निर्भीक होकर पुलिस कमिश्नर को दें।