नई दिल्ली- कोरोना महामारी के चलते छात्रों की पढ़ाई में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने एक विशेष पहल की है। इसके तहत निगम स्कूलों में स्वयंसेवी संस्था प्रथम दिल्ली एजुकेशन इनीशिएटीव ट्रस्ट प्रथम के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें रचनात्मक शिक्षण व गतिविधि आधिरित शिक्षा पर जोर रहेगा। इस पहल के मुताबिक, मिशन बुनियाद के तहत निगम स्कूलों के बच्चों के लर्निंग स्किल को विकसित करने के लिए कक्षानुसार कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों के लर्निंग लेवल को सुधारने के लिए योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जाएगा। साथ ही पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मास्टर ट्रेनर्स को भी संस्था द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि निगम स्कूलों के अधिक से अधिक बच्चों को रचनात्मक शिक्षण पद्धति के माध्यम से पढ़ाई से जोड़ा जाए। प्रथम संस्था के सहयोग से निगम स्कूलों के बच्चों को अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।