उत्तर प्रदेश- जिले के यमुनापार नैनी थाना क्षेत्र के गंगोत्री नगर फ्लाईओवर के नीचे दोपहर एक व्यक्ति की गोली मारकर कथित रूप से हत्या कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि गंगोत्री नगर फ्लाईओवर के नीचे बृजेश सिंह 40 का शव पड़ा हुआ है और उसके सिर में गोली लगने जैसा निशान दिख रहा है। उन्होंने बताया कि शुरुआती छानबीन में पता चला है कि बृजेश सिंह का दीपू शर्मा नामक व्यक्ति से रुपए के लेनदेन का विवाद था और उनकी पुरानी रंजिश भी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कार्वाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इससे पूर्व नगर के धूमनगंज थाना क्षेत्र के मीरापट्टी मोहल्ले में जमीन के विवाद में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी दीपक विश्वकर्मा और मृतक के दो साथियों को गिरफ्तार किया था।