नई दिल्ली- गैर कानूनी तरीके से भाजपा नेता सरदार तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस द्वारा ले जाने के खिलाफ प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली प्रदेश आप कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपस्थित प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि जब किसी व्यक्ति का चरित्र, चाल-चलन की सच्चाई जाननी हो तो उसे पावर, पैसा और सत्ता देकर देखो। उसका असली चेहरा सामने आ जाएगा और जब से बौना दुर्योधन रुपी केजरीवाल को सत्ता मिली है, तब से इनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि जब से केजरीवाल के हाथ पुलिस मिली है, उसका दुरुपयोग कैसे किया जाता है, उसका सही उदाहरण केजरीवाल पेश कर रहे हैं। कभी नवीन कुमार जिंदल को ढूंड़ों तो कभी किसी अन्य नेता को। आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री से जनता के लिए प्रश्न करना जुर्म है। उन्होंने प्रमाणित कर दिया है कि वह बौने जरुर हैं लेकिन दूर्योंधन से ज्यादा खतरनाक हैं। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आज केजरीवाल की मानसिक मनोदशा ठीक नहीं है। उनका राजनीतिक कैरियर का अंत होना तय है क्योंकि इतिहास गवाह है कि जिसने भी सत्ता का दुरुपयोग स्वयं के फायदें के लिए किया है, उसको जनता ने सबक सिखाया है। उन्होंने आदेश गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज पार्टी के युवा नेता को पंजाब पुलिस से जिस गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और उसके बाद पंजाब पुलिस के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया वह ऐतिहासिक है। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं दिनेश प्रताप सिंह पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष कौशल मिश्रा, पूर्वांचल मोर्चा मंत्री एस. राहुल सहित प्रदेश, मोर्चा, जिला एवं मंडल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।