नई दिल्ली- दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली नगर निगम द्वारा रिंग रोड, पंजाबी बाग पंजाबी बाग क्लब के सामने ऑटोमेटेड पजल कार पार्किंग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रवेश साहिब सिंह वर्मा सांसद पश्चिमी दिल्ली, नरेश कुमार मुख्य सचिव दिल्ली सरकार, अश्वनी कुमार विशेष अधिकारी दिल्ली नगर निगम, ज्ञानेश भारती आयुक्त दिल्ली नगर निगम एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। इस नई पार्किंग का निर्माण होने के उपरांत साइट को भीड़-भाड़ और जाम की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली नगर निगम द्वारा पंजाबी बाग रिंग रोड पर 5000 वर्गमीटर में बनाई जा रही ऑटोमेटेड पजल कार पार्किंग में कुल 225 गाडिय़ां खड़ी हो सकेंगी। लगभग 31 करोड़ रुपए में बनने वाली यह पार्किंग एक साल में तैयार हो जाएगी।14.5 मीटर ऊंचाई वाली इस पार्किंग में भूतल के अतिरिक्त 5 मंजिलें होंगी। उपराज्यपाल ने कचरे से कंचन की अवधारणा पर निगम द्वारा बनाए गए, भारत दर्शन पार्क, का भी निरीक्षण किया। यह पार्क दिसंबर 2021 में नागरिकों को समर्पित कर दिया गया था। भारत दर्शन पार्क स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी बड़ी तेजी से एक पसंदीदा मनोरंजक और शैक्षणिक गंतव्य के रूप में उभरा है। भारत दर्शन पार्क भारत की विविधता को दर्शाता है तथा थोड़े ही समय में यह दिल्ली का प्रमुख पर्यटक स्थल बन गया है जहां पर सप्ताह के कार्यदिवसों में प्रतिदिन 3000 एवं सप्ताहांत में प्रतिदिन 10,000 पर्यटक आते हैं। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भारत दर्शन पार्क के निरीक्षण के दौरान स्क्रैप से बने हुए गेटवे ऑफ इंडिया,वट वृक्ष,हवा महल, गोल गुम्बद, कुतुब मीनार, नालंदा मीनार, मीनाक्षी मंदिर, चारधाम, रामेश्वरम, जगन्नाथ पुरी,सांची स्तूप, विक्टोरिया मेमोरियल, हम्पी रथ, ताज महल और मैसूर पैलेस आदि की प्रतिकृतियां देखी। निगम के अधिकारियों द्वारा उपराज्यपाल को भारत दर्शन पार्क के बारे में अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि यह पार्क 8.5 एकड़ में फैला है तथा इसे 350 टन स्क्रैप से 22 महीनों में बनाया गया। भारत दर्शन पार्क में 22 ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्मारकों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं।