नई दिल्ली- राजभाषा हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए तथा दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रति रूचि पैदा करने के लिए राजभाषा अनुभाग द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर स्थित सभा भवन में बुधवार को हिंदी भाषा में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत हिंदी निबंध,टिप्पण एवं आलेखन तथा सुलेख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया,जिसमें दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों ने काफी संख्या में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 4000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 3000 तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 2000 रूपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा 5 श्रेष्ठ प्रतिभागियों को 800-800 रुपए का भी सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। उपरोक्त लिखित प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार विजेता के विभाग के विभागध्यक्ष को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रथम पुरस्कार विजेता का निबंध श्निगम आलोक,पत्रिका के प्रथम अंक में प्रकाशित किया जाएगा। इसके अलावा हिंदी प्रतियोगिता में सफल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागी जिसने न्यूनतम 40 अंक प्राप्त किए हैं,उसे दिल्ली नगर निगम द्वारा राजभाषा दूत का प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।