नई दिल्ली- केजरीवाल सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का आंदोलन काफी कारगर साबित रहा है जिसके परिणामस्वरूप निगम द्वारा 300 से अधिक ठेकों को सील किया गया। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दी। उन्होंने केजरीवाल सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कई ऐसे ठेके जो रिहायशी इलाके, विद्यालय एवं मंदिर के नजदीक में खुले हैं, उन्हें 48 घंटों के अंदर बंद कर दिया जाए नहीं तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, निगम के अधिकारियों सहित और मैं स्वयं जाकर उन्हें सील करने का काम करूंगा। इतना ही नहीं आज पूरे दिल्ली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की अगुवाई में एक विशाल वर्चुअल रैली प्रदेश भाजपा करेगी। जिसमें लगभग एक करोड़ लोग अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ेंगे। प्रदेश के विभिन्न 500 से अधिक स्थानों पर बड़ी एलईडी लगाई जाएगी जहां प्रत्येक स्थान पर लगभग 250 से अधिक लोगों की उपस्थित होने की उम्मीद है। आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की नई अबाकारी नीति के खिलफ भाजपा लगातार आंदोलनरत है चाहे वह हस्ताक्षर अभियान हो, चक्का जाम हो या फिर विभिन्न स्थानों पर धरना प्रदर्शन हो। आज दिल्ली की जनता की आवाज बनकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से नई अबाकारी नीति का विरोध कर रही है। अरविंद केजरीवाल खुद के स्वार्थ के लिए इस शराब नीति को दिल्ली में लागू करना चाहते हैं यही कारण है कि पहले त्योहार व राष्ट्रीय पर्व को मिलाकर 21 दिन होते थे जब दिल्ली में शराब नहीं बिकती थी लेकिन अब उन में से गुरु गोविंद सिंह जयंती, महावीर जयंती, दीपावली व होली जैसे 18 त्योहारों पर भी शराब बेचने की इजाजत केजरीवाल सरकार ने दे दी है। मतलब ये कि ड्राई डे 21 दिन की जगह सिर्फ 3 बच गए हैं क्योंकि शराब माफियाओं और उनके बीच पैसों की लेनदेन भी की जा रही है।