नई दिल्ली – संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर एनेक्सी में ‘संवैधानिक कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया गया। इसमें देश के प्रख्यात शिक्षाविदों, संवैधानिक विशेषज्ञों, पूर्व वरिष्ठ सिविल सेवकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने भारतीय संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक दायित्वों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।सिक्स सिग्मा आईएएस अकैडमी और सुरवीन फाउंडेशन की ओर से लोक पहल तथा इंद्रप्रस्थ रिसर्च फाऊंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कॉन्क्लेव की अध्यक्षता श्री देश दीपक वर्मा, IAS (सेवानिवृत्त), पूर्व महासचिव, राज्यसभा ने की।अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री वर्मा ने संसदीय लोकतंत्र की स्थिरता और गरिमा बनाए रखने में दल-बदल विरोधी कानून की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राजनीतिक जवाबदेही, विधायिका की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक जनादेश के बीच संतुलन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।कॉन्क्लेव की परिकल्पना और आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली डॉ. शिखा दरबारी, IRS (सेवानिवृत्त), अर्थशास्त्री एवं संसदीय प्रणाली की विशेषज्ञ ने ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान का प्रथम संशोधन’ विषय पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने वर्ष 1951 में हुए प्रथम संविधान संशोधन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान के अनुच्छेद 19(2) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर युक्तियुक्त प्रतिबंधों तथा इस संबंध में विभिन्न न्यायिक निर्णयों की चर्चा की।डॉ. दरबारी ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन और असहमति व्यक्त करना लोकतांत्रिक नागरिकता के महत्वपूर्ण पहलू हैं। नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से एकत्र होने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है, हालांकि यह अधिकार कानून द्वारा निर्धारित युक्तियुक्त प्रतिबंधों के अधीन है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से वैचारिक संवाद, तार्किक चिंतन और प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply