नई दिल्ली- रिंग रोड पर आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन और मथुरा रोड पर आश्रम अंडरपास के चल रहे निर्माण कार्य के चलते सोमवार को लोगों को भयंकर जाम का सामना करना पड़ा। रिंग रोड पर सराय काले खां से लेकर नेहरू नगर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं, मथुरा रोड पर भोगल फ्लाईओवर और पीछे न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी तक जाम लगा रहा। जाम से बचने के लिए लोगों ने बारापुला का रुख किया तो वह भी जाम हो गया। इस कारण उन लोगों को भी काफी परेशानी हुई जिन्हें डिफेंस कॉलोनी, साउथ एक्स व एम्स की ओर जाना था। सप्ताह के पहले ही दिन पीक आवर में जाम लगने से लोगों को अपने ऑफिस व गंतव्य तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम के कारण लोगों को सराय काले खां से आश्रम आने में काफी वक्त लग गया। वहीं, डीएनडी से होकर नोएडा आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान करीब तीन घंटे तक लोगों को जाम के कारण परेशान होना पड़ा। बता दें कि निर्माण कार्य के कारण सुबह सराय कालेखां से आश्रम व शाम को आश्रम से सराय काले खां जाने वाले मार्ग पर जाम लग रहा है। पीक आवर में लोगों को जाम में फंसकर घंटों परेशान होना पड़ता है। निर्माण कार्य में लगी क्रेन व अन्य वाहनों के कारण दोनों ओर से यातायात प्रभावित होता है। यहां जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस के अतिरिक्त स्टाफ भी लगाए जा रहे हैं इसके बावजूद वाहनों का दबाव इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि रास्ता जाम हो जाता है। सराय काले खां से नेहरू प्लेस जा रहे राकेश कुमार ने बताया कि जाम के कारण उन्हें अपने दफ्तर पहुंचने में देर हो जाती है। शाम को वापस जाते समय भी इसी तरह जाम का सामना करना पड़ता है।