नई दिल्ली- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में दंगों की जांच के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना की है। उनका कहना है कि पुलिस को अगले पांच साल और 25 साल के लिए एक रोडमैप तैयार करना चाहिए। अमित शाह  दिल्ली पुलिस के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में दंगों और कोरोना वायरस महामारी के दौरान कठिन परिश्रम किया। जिस प्रकार दिल्ली पुलिस ने दंगा मामले की जांच की और अदालत में पेश किया, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस के सामने कई चुनौतियां हैं और राजधानी की पुलिस होने के नाते उसके पास गणमान्य लोगों को सुरक्षा देने समेत कई दायित्व हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के सामने कई कार्यक्रमों को बिना किसी समस्या के पूरा कराने और कानून व्यवस्था से संबंधित अन्य मामलों का भी दायित्व होता है। शाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जब भी कोई घटना होती है तो उसका असर दिल्ली पर भी पड़ता है। पुलिस के पास यहां स्थिति पर निगरानी रखने का भी काम होता है। शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस का 75वां स्थापना दिवस ऐसे समय पर मनाया जा रहा है जब आजादी का अमृत महोत्सव भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने समय के साथ बदलाव किया है। गृहमंत्री ने कहा कि मैं दिल्ली पुलिस आयुक्त और केंद्रीय गृह सचिव से आग्रह करता हूं कि वे लक्ष्य निर्धारित कर अगले पांच साल और 25 साल का रोडमैप तैयार करें। गृह मंत्री ने कोविड महामारी के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बल ने आतंकी हमलों के प्रयासों को भी नाकाम किया है। महामारी के दौरान जान गंवाने वाले 79 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए शाह ने पुलिस के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, पुलिसकर्मियों ने उन लोगों की देखभाल की जिनके परिवार यहां नहीं थे। वे उन्हें जांच के लिए ले गए, अस्पताल में भर्ती कराया और जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए। कठिन समय में उन्होंने अंतिम संस्कार तक करने में सहयोग किया। शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने जिस तरह काम किया, वह देशभर में पुलिस बल के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण होगा और अन्य राज्यों की पुलिस को भी इसका अनुकरण करना चाहिए। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने आतंकी हमले के प्रयासों को भी विफल किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नवसृजित परसेप्शन मैनेजमेंट प्रकोष्ठ से शहर की पुलिस की छवि सुधारने में मदद मिलेगी।
दिल्ली पुलिस में 2025 तक एक चौथाई होगी महिलाओं की संख्या: अस्थाना
दिल्ली पुलिस के कमिश्नर राकेश अस्थाना ने बुधवार को महिला शक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि विभाग में महिलाओं की भर्ती काफी ज्यादा बढऩे वाली है। 2025 तक एक चौथाई महिलाओं की संख्या होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने और भी कई उपाय अपनाएं हैं जिसमें युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देने पर ज्यादा जोर है। दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस पर अस्थाना ने कहा दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और कमजोर वर्ग की सुरक्षा को सर्वोपरि रखता है। गृहमंत्रालय के निर्देश और आशीर्वाद से हमारा लक्ष्य 2025 तक महिला पुलिस कर्मियों की भागीदारी को कुल संख्या का एक चौथाई करने का है।