नई दिल्ली- नेटफ्लिक्स ने आज घोषणा की कि भारतीय वायुसेना के सबसे चुनौतीपूर्ण युद्ध अभियानों में से एक पर आधारित नई मिलिट्री ड्रामा सीरीज़ ऑपरेशन सफेद सागर 7 अगस्त से दुनिया भर में स्ट्रीम होगी। 1999 के कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी ऑपरेशन सफेद सागर भारतीय वायुसेना की गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन की अब तक अनकही बहादुरी की कहानी दिखाती है। कठिन परिस्थितियों और बड़ी चुनौतियों के बावजूद इस स्क्वाड्रन ने अपने मिशन को सफल बनाया। सीरीज़ में उनके साहस, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को दिखाया गया है। साथ ही, भारतीय सैन्य इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को दर्शकों के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। ऑपरेशन सफेद सागर का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। इस सीरीज़ को अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने बनाया है। इसमें सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दिया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्णव भसीन और अमृता बागची मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, नेटफ्लिक्स में हम हमेशा ऐसी नई और दमदार कहानियां दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं, जो पहले कभी नहीं बताई गईं। ऑपरेशन सफेद सागर, कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की भूमिका से प्रेरित यह भारत की अपनी तरह की पहली वेब सीरीज़ है। यह सीरीज़ गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन के साहस, टीमवर्क और देश के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि देती है। इसमें उन वायुसेना के जवानों की प्रेरणादायक कहानी दिखाई गई है, जिन्होंने अपने कर्तव्य से बढ़कर देश की सेवा की। इस सीरीज़ के जरिए दर्शकों को भारतीय वायुसेना के पायलटों का जीवन करीब से देखने का मौका मिलेगा। बड़े स्तर पर फिल्मांकन, बेहतरीन प्रोडक्शन और शानदार विजुअल इफेक्ट्स के कारण यह सीरीज़ दर्शकों को वास्तविक युद्ध जैसा अनुभव देगी।

Leave a Reply