नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली में शनिवार को खिली धूप के बाद भी ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, वहीं दोपहर तक हल्की धूप खिली इससे तापमान में कुछ गर्मी जरूर आई लेकिन दिन भर कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी बनी। मौसम की संस्था स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष व प्रमुख मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में दो पश्चिमी विभोक्ष की संभावनाएं बन रही है। 6 व 10 फरवरी को गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं बन रही है जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में 8 फरवरी तक एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है, जो 9 फरवरी को पहाडिय़ों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसका प्रभाव उत्तरी मैदानी इलाकों में हल्की छिटपुट वर्षा के रूप में महसूस किया जाएगा। हम उम्मीद करते हैं कि दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में 8 फरवरी से फिर से वृद्धि होगी। वहीं भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। विभाग के अनुसार रविवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। वहीं 8 फरवरी तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज होगी। जबकि 9 फरवरी को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है, उसके बाद तापमान में सुधार होने की उम्मीद है। दिल्ली में शनिवार को चली हवाओं के बाद प्रदूषण स्तर में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली के अधिकतर इलाकों में प्रदूषण स्तर 100 के करीब पहुंच गया, जबकि कई जगहों पर यह स्तर 100 से भी नीचे चला गया। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के अनुसार रात के समय प्रदूषण स्तर में बढ़त दर्ज हो रही है, जबकि दिन में हवाएं चलने से इसमें सुधार हो रहा है।