नई दिल्ली- दक्षिणी दिल्ली नगर निगम सदन की बैठक में गुरुवार को पेश बजट को आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा के झूठे वादों का जीता-जागता स्वरूप बताया है। दक्षिणी निगम में नेता विपक्ष प्रेम चौहान ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा शासित निगम अपने कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं तक देने में नाकाम रही है और आज प्रस्तुत बजट में उनका जिक्र न करके भाजपा ने अपनी नाकामी को साबित कर दिया है। चौहान के अनुसार बजट में भ्रष्टाचार को कम करने के लिए कोई सुझाव नहीं दिया गया जिससे साबित होता है कि निगम में हो रहे भ्रष्टाचार के लिए सिर्फ और सिर्फ भाजपा नेता जिम्मेदार हैं। चौहान ने कहा कि निगम की सत्ता पर आसीन भाजपा पिछले 15 सालों से जो झूठे वादे करती आ रही है, गुरुवार का प्रस्तावित बजट उसी का जीता-जागता स्वरूप है। जिसमें केवल भविष्य की योजनाओं को ही पेश किया गया है। उन्होंने पहले क्या वादे किए थे, उनमें से कितने पूरे किए, उन्होंने इसका कहीं कोई जिक्र नहीं किया। जाहिर है इन 15 सालों में वह अपने किए कोई वादे पूरे नहीं कर पाए हैं। यहां तक कि कर्मचारियों विशेषकर स्वच्छता सैनिकों को मूलभूत सुविधाएं तक देने में नाकाम रहे हैं और जब बात नियमितिकरण की आई तो निगम में शासित भाजपा उस वादे को भी पूरा नहीं कर पाई। बजट को पेश करते वक्त भाजपा शासित निगम ने कर्मचारियों का जिक्र न करके भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि कर्मचारियों का सिर्फ शोषण ही किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट के दौरान निगम में लगातार हो रहे भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कोई भी सुझाव या नीति निर्धारण ना करके भाजपा शासित निगम ने साबित कर दिया है कि यह सारा भ्रष्टाचार उनके नेताओं के संरक्षण में ही हो रहा है। यही वजह है कि उन्होंने इसका जिक्र करना भी जरूरी नहीं समझा।