नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने अपने विद्यालयों में कार्यरत 133 सहायक शिक्षकों का प्रिंसिपल के पद पर प्रमोशन कर दिया गया है। अब पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सभी मॉडल स्कूलों तथा वे स्कूल जहां 500 से ज्यादा बच्चें पढ़ते है, उनमें प्रिंसिपल के रिक्त पदों को भर दिया गया है। निगमायुक्त विकास आनंद ने बताया कि 2017 के बाद पूर्वी निगम के स्कूलों में कोई पदोन्नति नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि पूर्वी निगम द्वारा 133 सहायक शिक्षकों को प्रिंसिपल के पद पर प्रमोशन करने से स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता के विभिन्न योजनाएं बनाने और उनको क्रियान्वित करने तथा निर्देशित करने का कार्य बेहतर रूप से किया जा सकेगा। निगमायुक्त विकास आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि अब दिल्ली के तीनों निगमों द्वारा अपने-अपने निगमों के कर्मचारियों का प्रमोशन स्वयं किया जाएगा और इस संबंध में दिल्ली के तीनों निगमायुक्तों की बैठक के बाद 18 जनवरी 2022 को एक सर्कुलर भी निकाला गया है जिसमें कहा गया है तीनों निगम अपने कर्मचारियों का प्रमोशन स्वंय करेगा। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों के प्रमोशन में होने वाले विलंब को दूर किया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले दिल्ली नगर निगम के त्रिविभाजन के पश्चात तीनों निगमों के कर्मचारियों की पदोन्नति का कार्य उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा किया जाता था।