नई दिल्ली- देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके समाधि स्थल शांति वन में आयोजित एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हर बार की तरह बाइबल का पाठ ब्रदर सोलोमन जॉर्ज ने किया। वे बीते करीब 20 सालों से यहां 27 मई और 14 नवंबर को होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं का स्थायी चेहरा हैं। उनके अलावा, हिंदू, बुद्ध, मुस्लिम, सिख और अन्य धर्मों के विद्वानों ने भी अपने धार्मिक ग्रंथों से पठन किया।ब्रदर सोलोमन जॉर्ज राजघाट में होने वाली सर्व धर्म प्रार्थना सभाओं में भी भाग ले रहे हैं। उनका संबंध दिल्ली ब्रदरहुड सोसायटी से है। राजघाट और शांति वन में होने वाली सर्व धर्म सभओं में भाग लेने वाले बदलते रहे हैं, पर ब्रदर सोलोमन जॉर्ज यहां हर खास अवस पर मौजूद रहते हैं। ब्रदर सोलोमन ने कहा कि सर्वधर्म प्रार्थना का भारत में आयोजन होना इस बात की गवाही है कि हमारा देश धर्म निरपेक्ष है। यहां सभी धर्मों का आदर होता है। इस बीच, कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी और बड़ी संख्या में लोग भारत के पहले प्रधान मंत्री को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने शांति वन पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश का इतिहास “आधुनिक भारत के निर्माता” के अतुलनीय योगदान के बिना अधूरा है। खड़गे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यहां उनके स्मारक ‘शांतिवन’ में पूर्व प्रधान मंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। खड़गे ने कहा कि भारत का इतिहास आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू के अतुलनीय योगदान के बिना अधूरा है, जिन्होंने भारत को वैज्ञानिक, आर्थिक, औद्योगिक और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाया।कांग्रेस अध्यक्ष ने नेहरू के शब्दों का हवाला देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, देश की प्रगति और देश की एकता हम सभी का राष्ट्रीय धर्म है।