नई दिल्ली – धर्म निभाते हैं तो कर्म छूट जाता है, कर्म करते हैं तो धर्म छूट जाता है, कर्तव्य तक बात पहुंच ही नहीं पाती। हर फैसले की कीमत चुकानी पड़ने वाली दुनिया में ‘कर्तव्य’ फिल्म सही और गलत के बीच की उस उलझन को दिखाती है, जहां कर्तव्य और उसके नतीजे एक-दूसरे के सामने खड़े हो जाते हैं। नेटफ्लिक्स ने आज इस आने वाली क्राइम ड्रामा फिल्म का दमदार ट्रेलर जारी किया है, जिसमें सैफ अली खान मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर एक ऐसी दुनिया की झलक दिखाता है जो तनाव और रहस्य से भरी हुई है। इस फिल्म में रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जिन्होंने अपने शानदार अभिनय से कहानी को और भी प्रभावशाली बना दिया हैं।पुलकित के निर्देशन में बनी और गौरी खान द्वारा रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित कर्तव्य की कहानी पवन (खान) नाम के एक पुलिस अफसर के बारे में है। ड्यूटी के दौरान उसकी निगरानी में एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या हो जाती है, जिसके बाद पवन पर सवाल उठने लगते हैं। अपने वरिष्ठ अधिकारियों के दबाव के बीच पवन हमलावर की तलाश में जुट जाता है। यह जांच उसे सत्ता, प्रभाव और धोखे से भरी एक खतरनाक दुनिया में ले जाती है, जहाँ सच्चाई ढूंढना आसान नहीं होता।सैफ अली खानने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, पवन एक ऐसा इंसान है जो हमेशा अपने अंदर ही उलझा रहता है। वह यह तय करने की कोशिश करता है कि उसके हिसाब से क्या सही है, लोग उससे क्या उम्मीद करते हैं, और उसे किसकी रक्षा करनी है। मुझे ‘कर्तव्य’ की सबसे खास बात यह लगी कि यह आसान जवाब नहीं देती। यह आपको मुश्किल हालात में ले जाकर सोचने पर मजबूर करती है कि जब हर फैसले की निजी कीमत चुकानी पड़े, तब आप क्या करेंगे। पुलकित और पूरी कलाकार टीम के साथ काम करना बेहद शानदार और रोमांचक अनुभव रहा। साथ ही, रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ पहली बार इतने गहराई वाले प्रोजेक्ट पर काम करना भी खास रहा। हमें खुशी है कि दुनियाभर के दर्शक इस कहानी को नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे और इससे जुड़ पाएंगे।
