नई दिल्ली- देश का पोल्ट्री उद्योग पिछले 50 वर्षों के सबसे गंभीर संकटों में से एक का सामना कर रहा है। पोल्ट्री फीड की कीमतों में करीब रु15,000 प्रति टन की बढ़ोतरी और मक्का व सोयाबीन की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता ने किसानों और कंपनियों की आर्थिक स्थिति बिगाड़ दी है। ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बहादुर अली ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।बहादुर अली के अनुसार, देश में मक्का और सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद बाजार में कृत्रिम किल्लत और जमाखोरी के कारण कीमतों पर दबाव बनाया जा रहा है। इसका सीधा असर पोल्ट्री फीड की उपलब्धता और लागत पर पड़ रहा है। कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश सहित उत्तर भारत के प्रमुख पोल्ट्री उत्पादक क्षेत्रों में इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है।उद्योग के आकलन के मुताबिक, फीड प्लांटों के उत्पादन और मांग में 15 से 20 प्रतिशत तक गिरावट आई है, जबकि करीब 20 से 25 प्रतिशत पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंद होने की कगार पर हैं। किसानों ने महंगे दामों पर फीड खरीदा, लेकिन मुर्गे की बिक्री से बढ़ी हुई लागत की भरपाई नहीं हो पा रही। नतीजतन उन्हें प्रति किलोग्राम करीब रु 40 से रु 50 तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। कंपनियों का अप्रैल से अक्टूबर तक का मुनाफा भी नवंबर में हुए नुकसान के कारण खत्म हो गया है।इस संकट का असर अब आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ सकता है। आने वाले समय में चिकन रु 40 से रु 50 प्रति किलो और अंडे रु 3 से रु 4 प्रति पीस तक महंगे हो सकते हैं। मक्का की बढ़ती कीमतों का असर एथेनॉल प्लांटों पर भी पड़ा है और कई इकाइयां बंद हो चुकी हैं। जनवरी तक मक्का और सोयाबीन के दामों में राहत की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल उद्योग के सामने अनिश्चितता बनी हुई है।बहादुर अली ने केंद्र सरकार से मक्का और सोयाबीन पर तत्काल स्टॉक लिमिट लागू करने की मांग की, ताकि जमाखोरी पर अंकुश लगाकर बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने एथेनॉल उद्योग की तर्ज पर पोल्ट्री उद्योग को भी सरकारी भंडार से करीब 30 लाख टन मक्का रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि उद्योग की मांग किसी विशेष लाभ के लिए नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका बचाने के लिए है। यदि समय रहते सरकार ने कदम नहीं उठाए, तो पोल्ट्री उद्योग का संकट और गहरा सकता है।
