नई दिल्ली- दिल्ली नगर निगम ने आम नागरिकों की निगम कार्यों से संबंधित परेशानी एवं शिकायतों का समाधान करने के लिए बीते 6 जून से जन सुनवाई आरंभ की थी। जन सुनवाई के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें क्षेत्रीय उपायुक्त और अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं। 6 से 17 जून तक दिल्ली नगर निगम को जनसुनवाई के माध्यम से 570 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 95 शिकायतों का निदान मौके पर ही कर दिया गया है। दिल्ली नगर निगम की जनसुनवाई के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओ एवं शिकायतों को निगम प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। दिल्ली नगर निगम को जनसुनवाई में विभिन्न शिकायतें प्राप्त हो रही हैं जैसे कि मलबा एवं कूड़ा हटाने संबंधी,अनधिकृत निर्माण,जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, फैक्ट्रियों की सील खुलवाने, संपत्ति की ई-म्यूटेशन,वर्षा जल संचयन, अनधिकृत पार्किंग, पेंशन, अवैध मोबाइल टावर, सेवानिवृति लाभ इत्यादि। दिल्ली नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का निवारण जल्द से जल्द एवं प्रभावी तरीके से हो।