ढलावघरों में वृद्धों के लिए बनाए जाएंगे मनोरंजन केंद्र

नई दिल्ली- उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अशोक विहार के केशवपुरम क्षेत्र बंद पड़े ढलावघरों को वृद्धों के लिए मनोरंजन केंद्र के रूप में परिवर्तित करने की शुरूआत हुई। इस अवसर पर केशवपुरम जोन के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने केशवपुरम जोन को ढलावमुक्त जोन करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया था उसमें वे सफल रहे। इसी क्रम में उत्तरी दिल्ली नगर निगम की नीति के तहत केशवपुरम के बंद पड़े एक ढलावघर को स्थानीय अग्रवाल समाज को वृद्ध मनोरंजन केंद्र के लिए समर्पित किया गया। इस मनोरंजन केंद्र में क्षेत्र के वृद्ध लोग अपना समय व्यतीत कर सकेंगे और साथ ही उनके मनोरंजन के लिए तरह-तरह के उपकरण भी उनके लिए वहां उपलब्ध होंगे। योगेश वर्मा ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम हर क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य तो कर ही रही है साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में जोडऩे का काम भी कर रही है। उक्त समारोह में योगेश वर्मा के अतिरिक्त जिला मंत्री अजय खटाना, मंडल अध्यक्ष अनिल लाकड़ा, मदन लाल गर्ग, प्रधान व जेके गुप्ता, महामंत्री अग्रवाल समाज केशवपुरम मुख्य रूप से उपस्थित थे।