गुड़गांव- भारत की अग्रणी इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन सॉल्यूशंस प्रदाता कंपनियों में से एक, ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (टीसीआई) ने अपने संस्थापक श्री प्रभु दयाल अग्रवाल जी (श्री पीडी जी) की स्मृति में देशव्यापी रक्तदान अभियान का आयोजन किया। इस पहल के माध्यम से संगठन ने सामुदायिक सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।14 से 20 सितंबर 2026 तक चले इस सात दिवसीय अभियान में देशभर के 68+ स्थानों पर 1,734 कर्मचारियों और सहयोगियों ने भाग लिया, जिनमें 1,641 पुरुष और 93 महिला प्रतिभागी शामिल थे। रक्तदान शिविर कोलकाता, गुरुग्राम, राजकोट, दिल्ली, चंडीगढ़, पुणे, औरंगाबाद, कोल्हापुर, लुधियाना, नोएडा, हैदराबाद, कानपुर, लखनऊ, बेंगलुरु, जयपुर, प्रयागराज, पटना, वाराणसी, मुंबई, हरिद्वार और अहमदाबाद सहित कई शहरों में आयोजित किए गए।यह पहल श्री पीडी जी की अमिट विरासत को समर्पित है, जिन्हें भारतीय ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स उद्योग के अग्रदूत के रूप में आदरपूर्वक याद किया जाता है। लॉजिस्टिक्स क्षेत्र का स्वरूप बदलने के साथ-साथ उन्होंने समाज कल्याण, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। स्वास्थ्य क्षेत्र की पहलों से उनका जुड़ाव, जिसमें देश के शुरुआती निजी ब्लड बैंकों में से कुछ की स्थापना भी शामिल है, समाज को कुछ लौटाने और समुदायों को सार्थक रूप से सहयोग देने की उनकी सोच को दर्शाता है।इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए, टीसीआई का वार्षिक रक्तदान अभियान देशभर के कर्मचारियों और व्यावसायिक सहयोगियों को एक ऐसे नेक उद्देश्य के लिए एकजुट करता है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्य संस्थानों को सीधा लाभ मिलता है। यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व की संस्कृति को बढ़ावा देने और अपने लोगों को उन समुदायों के लिए सक्रिय योगदान देने हेतु प्रेरित करने के टीसीआई के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है, जहां कंपनी कार्यरत है।देशव्यापी रक्तदान अभियान जैसी पहलों के माध्यम से टीसीआई अपने संस्थापक के मूल्यों और दृष्टिकोण का सम्मान करने के साथ-साथ अपने कर्मचारियों और सहयोगियों को समाज में सार्थक बदलाव लाने के अवसर भी प्रदान कर रही है।
