नई दिल्ली – एशिया में फूड और बेवरेज इंडस्ट्री के क्षेत्रीय व्यापार संगठन फूड इंडस्ट्री एशिया (FIA) ने आज ‘फूड प्रोसेसिंग इन इंडिया: द बिगर पिक्चर’ नाम से एक किताब लॉन्च की। इसमें भारत की अर्थव्यवस्था और समाज में फूड प्रोसेसिंग की भूमिका पर अलग-अलग नजरियों को एक साथ रखा गया है। किताब का विमोचन नई दिल्ली के एयरोसिटी स्थित अलॉफ्ट बाय मैरियट में आयोजित FIA इंडिया कॉन्फ्रेंस के दौरान किया गया।इस किताब को तैयार करने में नीति बनाने वाले लोगों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए हैं। इसमें बताया गया है कि फूड प्रोसेसिंग किस तरह खेती, मैन्युफैक्चरिंग, बाजार और ग्राहकों से जुड़ी है। साथ ही, देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में इस सेक्टर का कितना योगदान है और समाज में इसकी व्यापक भूमिका क्या है, इसे भी समझाया गया है।किताब में इस बात पर खास जोर दिया गया है कि फूड प्रोसेसिंग को किसी एक नजरिए से नहीं, बल्कि इसके सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर समझना चाहिए। यह क्षेत्र न सिर्फ अर्थव्यवस्था में वैल्यू बढ़ाने का काम करता है, बल्कि किसानों की आजीविका, रोजगार और नए कारोबार के अवसर, खाद्य संरक्षा और गुणवत्ता, पोषण, खाद्य सुरक्षा, सस्टेनेबिलिटी और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से भी जुड़ा है। ये सभी पहलू एक-दूसरे से जुड़े हैं और मिलकर फूड प्रोसेसिंग की व्यापक भूमिका को सामने लाते हैं।किताब की प्रस्तावना में माननीय केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने लिखा, “भारत दूध, फल, सब्जियां, अनाज, मसाले और मछली के दुनिया के सबसे बड़े उत्पादकों में शामिल है। लेकिन किसी देश की फूड इकोनॉमी की ताकत सिर्फ इस बात से तय नहीं होती कि वहां कितना उत्पादन हो रहा है। यह भी देखना जरूरी है कि इस उत्पादन से कितनी आर्थिक वैल्यू जुड़ रही है और उसका कितना फायदा उन लोगों तक पहुंच रहा है, जो इसे पैदा करते हैं। मेरा मानना है कि हमारे फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को इसी कसौटी पर खरा उतरना होगा: वैल्यू का सृजन और वैल्यू का बंटवारा।इस किताब में बताया गया है कि फूड प्रोसेसिंग किस तरह खेती में होने वाले उत्पादन को बाजार तक पहुंचाने में मदद करता है। इससे वैल्यू एडिशन को बढ़ावा मिलता है और रोजगार व आजीविका में योगदान होता है। इसमें यह भी बताया गया है कि प्रोसेसिंग तकनीकों से खाने पीने की चीजों की संरक्षा, गुणवत्ता, उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखने और उनकी उपलब्धता बेहतर बनाने में कैसे मदद मिलती है। साथ ही, पोषण और खाद्य सुरक्षा के महत्व पर भी बात की गई है।किताब के दूसरे अध्यायों में खाद्य पदार्थों के नुकसान को कम करने, संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने, अर्थव्यवस्था में इस सेक्टर के योगदान, अंतरराष्ट्रीय खाद्य व्यापार में भारत की भागीदारी और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने वाले नीतिगत माहौल पर भी चर्चा की गई है। इन सभी विषयों के जरिए इस सेक्टर के विकास और अर्थव्यवस्था व समाज में इसकी भूमिका के अलग-अलग पहलुओं को सामने रखा गया है।फूड इंडस्ट्री एशिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैट कोवाक ने कहा, “फूड प्रोसेसिंग किसान की फसल को उपभोक्ता की थाली तक पहुंचाने का काम करता है। इस पूरी प्रक्रिया में पोषण, खाद्य संरक्षा, आजीविका और व्यापार जैसे कई अहम पहलू जुड़े हैं। इस किताब में इन सभी पहलुओं को एक साथ रखा गया है, जिससे फूड प्रोसेसिंग की भूमिका और इसके योगदान को अधिक व्यापक रूप से समझा जा सकेगा।इस किताब में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों के अनुभव और जानकारी को शामिल किया गया है। इसमें यह समझने की कोशिश की गई है कि फूड प्रोसेसिंग से जुड़े अलग-अलग पहलू किस तरह एक-दूसरे से जुड़े हैं। इन सभी विचारों को एक जगह लाकर किताब का उद्देश्य इस सेक्टर और भारत के विकास में इसकी भूमिका की अधिक व्यापक समझ बनाने में योगदान देना है।किताब के संपादकों में शामिल डॉ. हरिंदर सिंह ओबेरॉय ने कहा,अक्सर फूड प्रोसेसिंग को अलग-अलग नजरिए से देखा जाता है। कोई इसे आर्थिक विकास से जोड़ता है, तो कोई किसानों की आजीविका, पोषण, खाद्य संरक्षा या सस्टेनेबिलिटी के नजरिए से देखता है। ये सभी पहलू अपनी जगह अहम हैं, लेकिन इनमें से कोई एक अकेले इस पूरे सेक्टर की तस्वीर नहीं दिखा सकता। इस किताब के जरिए हमने इन सभी पहलुओं को एक साथ लाने और भारत के विकास में फूड प्रोसेसिंग की भूमिका को समग्र रूप से समझाने की कोशिश की है।

Leave a Reply