नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली के कस्तूरबा नगर इलाके में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कस्तूरबा नगर में रहने वाली महिला से शराब बेचने वाले लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि महिला को गंजा कर दिया। चप्पल की माला पहनाकर पूरे इलाके में मुंह काला करके सडक़ पर घुमाया गया। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, यह मामला संज्ञान में आने के बाद दिल्ली में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। गुरुवार को उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में अपराधियों की इतनी हिम्मत हो कैसे गई? केंद्रीय गृहमंत्री और उपराज्यपाल से मैं आग्रह करता हूं कि पुलिस को सख्त एक्शन लेने के निर्देश दें, कानून व्यवस्था पर ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीवाले इस तरह के जघन्य अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह वारदात बुधवार दोपहर की है। जिसमें चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पीडि़ता के बयान पर सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण सहित विभिन्न धारा में केस दर्ज किया गया है।
आयोग ने की दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर विवेक विहार में 20 वर्षीय एक महिला के अपहरण, सामूहिक बलात्कार और अपमान में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पीडि़ता से मुलाकात की। इस दौरान पीडि़ता ने उन्हें बताया कि कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर उसको बंधी बना लिया और फिर 3 लोगों ने मिलकर उसके साथ गैंग रेप किया। यौन शौषण के दौरान कुछ महिलाएं भी मौजूद थी, जो उन पुरुषों को दुष्कर्म करने के लिए उकसा रही थी। पीडि़ता ने आगे बताया कि अपराधियों ने उसे बेरहमी से पीटा, उसका सिर मुंडवा उसका चेहरा काला कर दिया और उसे चप्पल और जूतों की माला के साथ इलाके में घुमाया। आयोग को इस बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना का एक वीडियो भी बरामद हुआ जिसमें पीडि़ता की दुर्दशा स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। आयोग ने पीडि़त लडक़ी और उसके परिवार की सुरक्षा को देखते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष ने अपने नोटिस में लडक़ी और उसके परिवार को जल्द से जल्द एक सुरक्षित घर में स्थानांतरित करने तथा उन्हें तुरंत सुरक्षा प्रदान करने की सफरिश भी पेश करी है।