नई दिल्ली- पूर्व प्रधानमंत्री चौ चरणसिंह को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के मोलडबंद विस्तार में चौ. चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह के वंशज कंवर नरवीर सिंह तेवतिया, 360 गांवों के प्रधान चौ. रामकुमार सोलंकी, किसान नेता चौ. फोरेन सिंह और नेशनल जाट कम्युनिटी के सैकडों पदाधिकारी उपस्थित थे। बिधूड़ी ने कहा कि चौ. चरण सिंह को किसानों,मजदूरों और गरीबों के मसीहा के रूप में याद किया जाता है। अपनी ईमानदार छवि के कारण ही वह देश के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचे। पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह को किसानों के अभूतपूर्व विकास के लिए याद किया जाता है। चौधरी चरण सिंह की नीति किसानों व गरीबों को ऊपर उठाने की थी। उन्होंने हमेशा यह साबित करने की कोशिश की कि बगैर किसानों को खुशहाल किए न तो देश का और न ही प्रदेश का विकास हो सकता है।