नई दिल्ली -नारी जागरण को सामाजिक बदलाव की ताकत बनाने वाली वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी पर राजधानी दिल्ली में तीन दिवसीय विराट महोत्सव आयोजित होगा। 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के हजारों गायत्री साधक जुटेंगे। महोत्सव के माध्यम से माताजी के नारी सशक्तीकरण, संस्कारवान परिवार और सामाजिक समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ युग निर्माण अभियान को नई गति देने का संकल्प लिया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों के क्रम में भारत मंडपम में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का विशेष आयोजन हुआ। इसमें कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण और माताजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आयोजन को सफल बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिकुंज, हरिद्वार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।सभा को संबोधित करते हुए जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि माताजी की जन्मशताब्दी, अखंड दीप की शताब्दी और युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना-शताब्दी का संगम समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दे रहा है। इन तीनों ऐतिहासिक प्रसंगों की त्रिवेणी साधना को सेवा, संस्कार को व्यवहार और आध्यात्मिक चेतना को सामाजिक परिवर्तन से जोड़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय परिवर्तन का महत्वपूर्ण दौर है। ऐसे में उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर उन्हें जीवन में उतारना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना हम सभी का दायित्व है। डॉ. पण्ड्या ने बताया कि जन्मशताब्दी समारोह के जनसंपर्क अभियान के तहत भारत सहित अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, सिंगापुर, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका आदि देशों में 100 से अधिक ज्योति कलश यात्राएं निकाली जा चुकी हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी ज्योति कलश यात्राओं के माध्यम से माताजी के विचारों और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।इससे पूर्व डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री विकास कुमार (आईएएस) ने कहा कि नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, राष्ट्रप्रेम और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी ही सशक्त भारत की आधारशिला है।
आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में माताजी और युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वृत्तचित्र, विराट दीप महायज्ञ तथा भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। स्मारक सिक्के का अनावरण और विशेष डाक टिकट का विमोचन भी प्रस्तावित है। इस अवसर पर एनसीआर के हजार से अधिक कार्यकर्ताओं सहित केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सिद्धार्थ लूथरा, सांसद श्री अजय भट्ट, अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
