-प्रदेश भाजपा नेता राजीव बब्बर व उनके परिवार पर लगाया घोटाले का आरोप
-राजीव बब्बर और उनके परिवार के लोगों को भाजपा से निकालने की मांग

परफैक्ट न्यूज ब्यूरो/ नई दिल्ली

गुणगांव के अप्पू घर में अरबों रूपये के निवेश का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि प्रदेश भाजपा के एक उपाध्यक्ष और उनका परिवार इसमें शामिल है। इसको लेकर प्रदेश भाजपा की भी खूब किरकिरी हो रही है। इसमें पैसा लगाने वाले दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इन लोगों ने प्रदेश भाजपा से लेकर पीएम मोदी तक से गुहार लगाई है। निवेशकों का कहना है कि उन्होंने यह पैसा भाजपा नेताओं के लिए नहीं कमाया था। उन्होंने प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजीव बब्बर और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निवेशकों ने पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से राजीव बब्बर और उनके परिवार के लागों को भाजपा से निकालने की मांग की है। ऐसी ही एक निवेशक संगीता कथूरिया का रोरोकर बुरा हाल है। वह एक पूर्व आर्मी आॅफिसर की पत्नी हैं और कैंसर के लास्ट स्टेज में हैं। उन्होंने बताया कि कैसर के इलाज के चलते इन्हें बार-बार अस्पताल जाना होता है। पति भी बीमार रहते हैं। यह दोनों पति-पत्नी इस स्थिति में नहीं हैं कि वह अप्पूघर के निदेशकों के घरों के बार बार चक्कर लगा सकें। ना ही ऐसी स्थिति में हैं कि अपनी जीवन भर की कमाई को वापस पाने के लिए अदालतों के चक्कर काट सकें। इनकी जीवन भर की कमाई गुणगांव के अप्पू घर में चली गई। अब वह पीएम मोदी और बीजेपी अमित शाह से अपने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगा रही हैं। गुणगांव के अप्पू घर में करोड़ों रूपये फंसाने वाले इन लोगों का आरोप है कि प्रमोटरों द्वारा बहुत सा पैसा ब्लैक मनी के रूप में लिया गया। उनका यह भी कहना है कि बार-बार उन्हें पैसा वापस करने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन न तो उन्हें अब तक पैसा लौटाया गया और ना ही प्रोजेक्ट को पूरा किया गया।यह लोग बब्बर परिवार पर धमकाने का आरोप भी लगा रहे हैं। अप्पू घर में पैसा लगाने वाले तो दर दर की ठोकरें खा रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रदेश भाजपा के नेताओं से लेकर पीएम मोदी तक इनकी आवाज कब तक पहुंच पाती है। पूरे मामले पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजीव बब्बर से प्रतिक्रिया मांगी गई। लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके। परफैक्ट न्यूज को दिल्ली प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष राजीव बब्बर की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

पिता-पुत्र हैं भाजपा नेता
दिल्ली प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष राजीव बब्बर के पिता ओम प्रकाश बब्बर तीन बार भाजपा के विधायक रहे हैं। उनके पश्चात बीजेपी की विरासत उनके पुत्र राजीव बब्बर ने संभाली है। राजीव बब्बर ने अपने पिता की विधानसभा सीट से पिछला विधानसभा का चुनाव लड़ा था। लेकिन वह चुनाव हार गए थे। फिलहाल वह दिल्ली बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। लेकिन अप्पू घर घोटाले में नाम आने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।