नई दिल्ली -भारतीय मजदूर यूनियन ने उत्तर प्रदेश के श्रमिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है। यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष, भारत भूषण शाही ने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए निर्देशों से श्रमिकों के शोषण पर रोक लगेगी और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा।यूनियन ने यह भी कहा कि यदि श्रम विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पहले ही यूनियन के सुझावों और मांगों पर गंभीरता से ध्यान दिया गया होता, तो नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में वर्तमान अशांति की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। इससे मुख्यमंत्री को भी अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच इस विषय पर अलग से ध्यान देने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
भारत भूषण शाही ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप सक्रिय रखना चाहिए, ताकि महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें। ऐसा न होने की स्थिति में अधिकारी आवश्यक जानकारी से वंचित रह जाते हैं, जिससे कई बार अप्रिय घटनाएं घटित हो जाती हैं।भारतीय मजदूर यूनियन ने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की है कि वर्तमान आंदोलन को शांतिपूर्ण एवं संवेदनशील तरीके से संभाला जाए। यूनियन के अनुसार, हाल की घटनाओं में कई महिलाओं को चोटें आई हैं तथा मजदूरों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की कार्रवाई से आंदोलन और अधिक उग्र एवं असंतुलित हो सकता है।

Leave a Reply