नई दिल्ली- पहली इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी (डीएसईयू) ने 2 रजत, 1 कांस्य पदक समेत उत्कृष्टता के 4 पदक जीते हैं। दरअसल, दिल्ली की 22 सदस्यीय टीम ने इंडियास्किल्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2022 की 18 विभिन्न कौशल प्रतियोगिता में भाग लिया। डीएसईयू ने इन कौशल सितारों को 17 विश्व स्तरीय प्रशिक्षण भागीदारों के साथ और सेक्टर स्किल काउंसिल के सहयोग से प्रशिक्षित किया था। दिल्ली और भारत भर में 2200 से अधिक घंटे के लिए प्रशिक्षित किया।

दिल्ली की टुकड़ी ने इलेक्ट्रिकल इंस्टालेशन, फैशन टेक्नोलॉजी, 3डी डिजिटल गेम, आर्ट जैसे कौशलों में चुनौती दी। उधर, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि वल्र्ड स्किल्स में भारत का दिल्ली के 3 कौशल सितारे प्रतिनिधित्व करेंगे। इंडियास्किल्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिल्ली की टीम के प्रदर्शन से पूरे प्रदेशवासी गौरवान्वित हैं। डीएसईयू को वल्र्डस्किल्स शंघाई 2022 के लिए जाने वाले पूरे भारत के दल को प्रशिक्षित करने में खुशी होगी। वहीं, कुलपति डीएसईयू प्रो. नेहारिका वोहरा ने खुशी व्यक्त की और कहा दिल्ली ने पहली बार इंडियास्किल्स में भाग लिया।

मुझे यह देखकर खुशी हुई कि हमारे सितारों ने इतना अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं इस शानदार प्रदर्शन के लिए अपने सभी चैंपियनों को बधाई देती हूं। डीएसईयू में हमने अपने सभी उम्मीदवारों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया है और उन्हें जीवन भर के लिए अपने कौशल को विकसित करने की मानसिकता के साथ फेस द वल्र्ड स्किल्स को आत्मसात करने की कोशिश की है।

उन्होंने आगे कहा कि वल्र्डस्किल्स युवाओं के लिए अपने कौशल और योग्यता का प्रदर्शन करने के लिए एक शानदार मंच है। मैं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी), संबंधित क्षेत्र कौशल परिषदों (एसएससी), उद्योग और प्रशिक्षण भागीदारों, जूरी सदस्यों और सभी हितधारकों को इस आयोजन की सफलता की बधाई देती हूं। हम सुनिश्चित करेंगे कि हमारे चैंपियंस सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण प्राप्त करें और वल्र्डस्किल्स शंघाई 2022 में भारत को गौरवान्वित करें। मैं भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी उम्मीदवारों को वल्र्डस्किल्स शंघाई 2022 के लिए शुभकामनाएं देती हूं।