नई दिल्ली- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधे जाने और सरकार की नीतियों की कटु आलोचना किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को उन पर हमले जारी रखे।कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए दावा किया कि कांग्रेस नेता पहले युवराज की तरह व्यवहार करते थे और अब वह खुद को भारत का राजा समझते हैं जबकि भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने यह कहते हुए उनका मखौल उड़ाया कि कॉमेडी के किंग धीरे-धीरे अब प्रिंस ऑफ डार्कनेस में तब्दील होते जा रहे हैं। पांडा ने कहा, हां, निश्चित तौर पर संविधान भारत की व्याख्या राज्यों के संघ के रूप में करता है। इसमें कोई शक नहीं, लेकिन यह कहना कि भारत एक राष्ट्र नहीं है, ना सिर्फ बेतुका है बल्कि सर्वथा कुटिल है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए राहुल गांधी ने कहा था, इस देश के दो नजरिए हैं। एक नजरिया यह है कि देश राज्यों का संघ है जिसका मतलब है कि संवाद होगा…आप भारत में शासन करने वाले किसी साम्राज्य को देख लीजिए।

आप अशोक महान को देख लें, मौर्य वंश को देख लें, आप यह पाएंगे कि आपसी संवाद के जरिए शासन किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आज दो भारत बना दिए हैं — एक अमीर लोगों के लिए और दूसरा गरीब लोगों के लिए।रिजिजू ने, भाजपा सरकार द्वारा दो भारत बनाने के कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के आरोप को लेकर, उन्हें आड़े हाथ लिया। केंद्रीय मंत्री ने गांधी के लगातार विदेशी दौरे की भी आलोचना की। कानून मंत्री ने ट्वीट किया, दो भारत हैं — पहला, लोग उच्च वर्ग के समाज की जिंदगी जीते हैं, रेव पार्टी में जाते हैं, अक्सर विदेशों की यात्रा करते हैं और काफी रंगीन जिंदगी जीते हैं। दूसरा, लोग भारत में सामान्य जीवन जीते हैं, हर वक्त जरूरतमंद लोगों के साथ रहते हैं, भारतीय की तरह सोचते हैं और भारतीय परंपराओं का पालन करते हैं। उन्होंने कहा, पहले वह भारत के युवराज की तरह बर्ताव करते थे और अब वह सोचते हैं कि वह भारत के सम्राट हैं। भाजपा प्रवक्ता और बिहार सरकार में मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, राहुल गांधी कहते हैं कि हमने अपनी विदेश नीति में जम्मू एवं कश्मीर को लेकर रणनीतिक गलती की है। क्या वह यह कहना चाहते हैं कि आतंकवादियों को मारना और अनुच्छेद 370 को हटाया जाना गलत नीति है? वह पाकिस्तान के दुष्प्रचारों का क्यों समर्थन करते हैं? कांग्रेस सांसद ने सीमा पर चीन की आक्रामकता और पाकिस्तान की सीमा से जुड़ी चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा था, आप खतरे को हल्के में मत लीजिए। आप चीन और पाकिस्तान को साथ ला चुके हैं, यह भारत के लोगों के साथ सबसे बड़ा अपराध है।  उन्होंने कहा था, मुझे कोई संदेह नहीं है कि चीन के पास स्पष्ट योजना है। इसकी बुनियाद डोकलाम और लद्दाख में रख दी गई है। यह देश के लिए बहुत बड़ा खतरा है। आपने जम्मू-कश्मीर और विदेश नीति में बहुत बड़ी रणनीतिक गलतियां की हैं..आपने दो मोर्चों को एक मोर्चे में बदल दिया है।