नई दिल्ली – जीवन विद्या के आलोक केंद्र के रूप में स्थापित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में ‘एआई फॉर डेमोक्रेसी’ विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय समिट का आयोजन 15 सितंबर को किया जाएगा। तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और लोकतंत्र के बदलते संबंधों, संभावनाओं एवं चुनौतियों पर देश-विदेश के विशेषज्ञ इस अंतरराष्ट्रीय समिट में गहन मंथन करेंगे। समिट के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला होंगे। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित रहेंगे। वहीं समापन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) होंगे। दोनों सत्रों की अध्यक्षता देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या करेंगे समिट में देश-विदेश के ख्यातिलब्ध एआई विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, तकनीकी विशेषज्ञ तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि लोकतंत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता, नीति निर्माण और मानवीय गरिमा को कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर विशेष रूप से चर्चा होगी। समिट का उद्देश्य एआई के तेजी से विस्तार के बीच लोकतांत्रिक संस्थाओं और मूल्यों के समक्ष उभरती चुनौतियों को समझना तथा तकनीक और लोकतंत्र के बीच संतुलित, मानवीय एवं जिम्मेदार संबंध की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना है। विशेषज्ञ यह भी विचार करेंगे कि एआई का उपयोग लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, समावेशी और प्रभावी बनाने में किस प्रकार किया जा सकता है।
