नई दिल्ली- केजरीवाल सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस नेता सुंदर सिंह, एडवोकेट राज बलवान सिंह सोलंकी के अलावा भाजपा नेता सुरेश भारद्वाज और पत्नी सरोज भारद्वाज आप में शामिल हुए। पालम से ‘आप’ विधायक भावना गौड़ और तुगलकाबाद से ‘आप’ विधायक सहीराम पहलवान और विधायक जरनैल सिंह ने सभी को टोपी और पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इस दौरान जरनैल सिंह ने कहा कि दिल्ली की सरकार के कामों और विकास मॉडल से प्रभावित होकर लगातार अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों और अलग-अलग कुनबों से अच्छे लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुदंर सिंह उर्फ पप्पी पिछले 19 सालों से कांग्रेस में रहकर जनता की सेवा कर रहे हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कैंपेन समिति के सदस्य रह चुके हैं। वह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी में मीडिया कमेटी के भी सदस्य रहे हैं। वह 2010 से लेकर आजतक कंठेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष हैं। 2012-2017 तक कांग्रेस कमेटी जिला पहाडग़ंज के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। एक चैरिटी समाज के सदस्य हैं। 2006-2008 तक उन्होंने यूथ कांग्रेस दिल्ली प्रदेश के महासचिव के तौर पर काम किया है। वहीं, भावना गौड़ ने कहा कि राज बलवान पालम वॉर्ड से संबंध रखते हैं। वर्तमान में वह सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट के रूप में वह काम कर रहे हैं। दिल्ली से विश्व मानवाधिकार के चेयरमैन हैं। 1990 में विद्यार्थी मोर्चा के अध्यक्ष रहे हैं। 2008 में अनोथ्राइज कॉलोनी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष रहे हैं। 2010 में किसान मोर्चा के प्रभारी रहे हैं। 1977-1988 यानी 10 वर्षों तक वह पालम विधानसभा के पार्षद रहे। विशेष बात यह है कि उस समय पार्षद का क्षेत्र लगभग 5 विधानसभा को मिलाकर एक बनता था। बलवान सिंह सोलंकी, जो राज सोलंकी के पिता हैं, वह नेता विपक्ष भी रहे।