युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवकों ने मार्शल को पीटा, केस दर्ज-यात्रियों ने पकडक़र पुलिस को सौंपा

नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली में 1 जनवरी को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस में युवती से छेड़छाड़ कर रहे तीन दोस्तों ने विरोध करने पर बस में मौजूद 57 वर्षीय मार्शल की जमकर पिटाई कर दी। वारदात के बाद आरोपी बस से उतर कर भागने लगे तो बस में मौजूद यात्रियों ने उन्हें जमकर पीट दिया। बस चालक ने बस रास्ते में रोक कर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची प्रीत विहार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मार्शल के बयान पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया।

जिसे बाद में पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी पीडि़त मार्शल श्याम बहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 1 जनवरी को वह बदरपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली रूट नम्बर 473 में तैनात था। बदरपुर से लौटते हुए मदर डेयरी के पास से तीन युवक संजय, सतीश और दुर्गेश कडक़ड़ डूमा जाने के लिए बस में चढ़े। बस चलने के बाद आरोपियों ने पहले से बस में बैठी एक युवती के साथ छेड़छाड़ और उस पर अश्लील टिप्पणी करनी शुरू कर दी। महिला ने विरोध किया और बस में तैनात मार्शल को उसकी जानकारी दी।

मार्शल ने आरोपियों का विरोध किया और ऐसा न करने के लिए कहा। जिस पर आरोपियों ने मार्शल से झगड़ा शुरू कर दिया। आरोपियों ने मार्शल श्याम बहादुर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बस में सफर के दौरान ही मार्शल को जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बस चालक ने बस में झगड़े की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद सडक़ पर चालक ने बस रोक दी।

इस दौरान आरोपियों ने बस से भागने का प्रयास किया और चालक से गेट खोलने को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। ऐसे में बस में बैठे यात्रियों ने आरोपियों को दबोच लिया। यात्रियों ने आरोपियों की जमकर पिटाई की। इसी दौरान प्रीत विहार थाना एसएचओ हीरालाल, एसआई रामाशीष और कांस्टेबल विष्णु मौके पर पहुंचे। जहां पुलिसकर्मियों ने मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया। जबकि एक आरोपी उस समय मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। दोनों आरोपियों सतीश और दुर्गेश से पूछताछ के बाद पुलिस ने संजय को बाद में उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।