स्कूलों की जमीन बेचने की तैयारी में एमसीडी: आप

नई दिल्ली- दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा शासित साउथ एमसीडी पर प्राइवेट माफिया के हाथों दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों को बेचने का आरोप लगाया है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आप नेता और विधायक आतिशी का कहना है कि भाजपा के भ्रष्टाचार ने सभी हदें पार कर दी हैं, पहले दिल्ली के स्कूल बेचकर बच्चों का भविष्य बेच दिया और अब हेरिटेज बिल्डिंग बेचकर दिल्ली का इतिहास बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा शासित एमसीडी से दिल्ली की विरासत नहीं संभल रही है तो वह उन्हें दिल्ली सरकार को सौंप दे।

सरकार सभी ऐतिहासिक इमारतों की देखरेख भी करेगी और दिल्ली में पर्यटन भी बढ़ाएगी। आप नेता ने कहा कि भाजपा नेताओं को पैसे की ऐसी भूख है कि अप्रैल में होने वाले चुनाव से पहले वह एमसीडी की सभी संपत्तियों को बेच देना चाहते हैं। वहीं इस दौरान साउथ एमसीडी के एलओपी प्रेम चौहान ने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार से भी घिनौना काम किया है। लेकिन हम दिल्ली के इतिहास को बिकने नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि साउथ एमसीडी ने अपनी आगामी स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में एक एजेंडा रखा है कि दिल्ली की हेरिटेज बिल्डिंग को अब वह प्राइवेट कंपनियों को बेच देंगे, लीज पर दे देंगे।

उनका यह कहना है कि देखिए न तो हमें दिल्ली के बच्चों का भविष्य चाहिए, न तो हमें स्कूल चाहिए और न ही दिल्ली का इतिहास चाहिए। हम दिल्ली की विरासत को नहीं संभाल सकते हैं, उसकी देखरेख नहीं कर सकते हैं। भाजपा आज दिल्ली के इतिहास को भी औने-पौने दामों पर बेच रही है, उन्हें लीज पर दे रही है। महरौली में 280 वर्ग मीटर की एक हेरिटेज बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग की नीलामी साउथ एमसीडी की आगामी स्टैंडिंग कमिटी के एजेंडा में आ गया है।

हम भाजपा से कहना चाहते हैं कि अगर आपसे दिल्ली का इतिहास, दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतें नहीं संभल रही हैं तो आप उन्हें सरकार को दे दीजिए। यह दिल्ली का इतिहास है, दिल्ली की पहचान है। दिल्ली के किसी भी हिस्से में जाइए, आपको कोई न कोई हेरिटेज साइट मिल जाएगी, जो दिल्ली शहर को पहचान देती है। आज भाजपा हमारे शहर की पहचान को बेचना चाहती है।

यह बहुत शर्म की बात है। सरकार इन सभी हेरिटेज साइट्स को चलाएगी, इनकी देखरेख करेगी और इनसे दिल्ली में पर्यटन भी बढ़ाएगी। प्रेम चौहान ने कहा कि भाजपा यह जो प्रस्ताव लेकर आई है, इन्होंने पहले भी एकबार कोशिश की थी। उस समय भी आम आदमी पार्टी ने पुरजोर तरीके से उसका विरोध किया था। इसबार भी हम चुप नहीं बैठेंगे। भाजपा के भ्रष्टाचार के मामले तो आप लगातार देख ही रहे हैं, उसपर हम आवाज उठा ही रहे हैं और दिल्ली की जनता देख भी रही है। लेकिन अबतो हद पार हो गई है, भ्रष्टाचार से भी घिनोना काम भाजपा कर बैठी है। वह दिल्ली के इतिहास को बेच रही है। आम आदमी पार्टी हर प्रकार से इसका विरोध करेगी और दिल्ली के इतिहास को बिकने नहीं देगी।