अवैध निर्माण और कानून के उल्लंघन पर भी नहीं हो रही कार्रवाई

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली के औद्योगिक इलाकों के कारोबारी सीलिंग से परेशान हैं। पिछले छह महीनों में हजारों की संख्या में कारोबारी बेरोजगार हो गए हैं। करोड़ों का व्यापार तबाह हो चुका है। सीलिंग की ज्यादातर कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित मॉनिटरिंग कमेटी की सिफारिश पर हो रही है। लेकिन दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं पर नगर निगम और मॉनिटरिंग कमेटी इतनी ज्यादा मेहरबान है कि उनके अनाधिकृत निर्माण और कानून के उल्लंघन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। भाजपा के ऐसे ही नताओं में चांदनी चौक जिला के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा का नाम भी शामिल है। इस भाजपा नेता की तीन व्यावसायिक और रिहायशी संपत्तियों में बड़े स्तर पर हुए अवैध निर्माण की शिकायतें मॉनिटरिंग कमेटी के चेयरमैन तक पहुंच गई हैं। सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेता नगर निगम में अपनी सत्ता की धोंस में लगातार अवैध निर्माण करा रहे हैं और इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

होटल स्पलैश, पहाड़गंज
होटलों के लिए मशहूर पहाड़गंज में मुल्तानी ढांडा की संपत्ति संख्या 8332 से 36 पर बने होटल स्पलैश की शिकायत मॉनिटरिंग कमेटी को की गई है। इस संपत्ति पर बिना नगर निगम की मंजूरी के अवैध रूप से कई फ्लोर बनाए गए हैं। सदर-पहाड़गंज जोन के तहत इस संपत्ति को नगर निगम ने अवैध निर्माण की धारा में तोड़ने के लिए बुक भी किया था, लेकिन सत्ता की हनक के चलते भाजपा नेता की इस संपत्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को चढ़ावा चढ़ाकर मामला रफा-दफा कर दिया गया।

 

 

होटल जेपी, पहाड़गंज
पहाड़गंज के आर्य नगर में प्रॉपर्टी संख्या- 723 एवं 724 पर बने होटल जेपी इन की शिकायत भी मॉनिटरिंग कमेटी से की गई है। सूत्रों का कहना है कि यह होटल दो प्लाट मिलाकर बनाया गया है। नियमानुसार ऐसा नहीं किया जा सकता और ना ही नगर निगम इस इलाके में इस तरह के नक्शे पास करता है। लेकिन भाजपा नेता के दबाव में नगर निगम के आला अधिकारी इन संपत्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। यह संपत्ति सदर-पहाड़गंज जोन में आती है।

संजय नगर, गुलाबी बाग
सिविल लाइंस जोन के तहत उत्तरी दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके के संजय नगर में इस भाजपा नेता का कार्यालय है। इस संपत्ति में 12 फ्लैट हैं। यह भवन 3 प्लाट मिलाकर बनाया गया है। मॉनिटरिंग कमेटी को मिली शिकायत के मुताबिक प्लाट संख्या- 7/2सी, 7/3सी और 7/बी1 को मिलाकर अवैध रूप से यह बिल्डिंग बनाई गई है। शिकायत में कहा गया है कि नियमानुसार इस इलाके में भी तीन प्लाट जोड़कर नक्शा पास नहीं किया जा सकता।

नेता जी कर रहे टिकट की दावेदारी
अनिल शर्मा भाजपा से अपने लिए विधानसभा की टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। वह चांदनी चौक से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। बता दें कि उनकी पत्नी को 2017 के नगर निगम चुनाव में पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया गया था। लेकिन उनकी कारगुजारियों की शिकायत और पार्टी में बढ़ते विरोध के चलते बाद में टिकट काटकर दूसरी महिला नेता को दिया गया था।