नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने शनिवार को रोहताश नगर में स्थित तिकोना पार्क में नवनिर्मित वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र का लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक जितेंद्र महाजन, स्थायी समिति अध्यक्ष, बीर सिंह पंवार, वार्ड समिति अध्यक्ष, प्रवेश शर्मा और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता, क्षेत्रीय पार्षद, सुमनलता ने की। महापौर ने कहा कि 275 वर्गमीटर क्षेत्रफल में नवनिर्मित इस मनोरंजन केंद्र के निर्माण में 82 लाख रूपए की लागत आई है। महापौर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए निर्मित इस केंद्र से क्षेत्र को लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम सीमित संसाधनों के बावजूद नागरिकों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज का अहम अंग हैं और उन्हें सम्मान व अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा नैतिक दायित्व भी है।