जयपुर- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने भाजपा को विचलित कर दिया है। गहलोत ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करना आसान है, लेकिन सब वर्गों को साथ लेकर राजनीति करना चुनौतीपूर्ण है।गहलोत ने यहां एक कार्यक्रम में देश के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करना सबसे आसान होता है, लेकिन सब वर्गों व सब जातियों को लेकर राजनीति करना चुनौती भरा होता है। केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों ने देशवासियों को गुमराह कर रखा है, लेकिन अब लोग समझ गए हैं और लोगों ने गुजरात व हिमाचल प्रदेश में इसे महसूस किया होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, देशभक्ति के नाम पर पहले ऐसा माहौल बनाते थे, मानो यही राष्ट्रभक्त हैं, हम तो राष्ट्रभक्त हैं ही नहीं। उनकी पोल खुल गई। अब नाम नहीं ले रहे राष्ट्रभक्ति का। राष्ट्र तक का नाम नहीं ले रहे और धर्म की राजनीति भी जनता धीरे-धीरे समझ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वाले सारी संस्थाओं को ध्वस्त करने में लगे हैं, फासीवादी लोग हैं जिनका लोकतंत्र में यकीन नहीं है। गहलोत ने कहा, सबसे दुख की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी क्यों नहीं समझ पा रहे हैं कि अगर आप इतिहास को कमजोर करेंगे और उसे तोड़ेंगे-मरोड़ेंगे, तो मानकर चलें कि आपके इतिहास से भी आने वाली पीढय़िां वैसा ही व्यवहार करेंगी। आने वाली पीढय़िां वही सीखती हैं जो उन्हें हम सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि इन भाजपा नेताओं के जेहन में जहर भरा हुआ है, ए लोग कभी चाल-चरित्र-चेहरे की बात करते थे, लेकिन अब इनकी चाल, चेहरा व चरित्र बदल गया है। गहलोत ने आरोप लगाया कि ए लोग भाजपा भयंकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं, ए लोग देश को लूटते हैं और आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय का भी उपयोग कर रहे हैं। चुनावी बांड की आलोचना करते हुए गहलोत ने कहा, चुनावी बांड लेकर आ गए। एक तरफा पैसा मिल रहा है इन लोगों को। बाकी पार्टियों के पास कोई साधन नहीं रहा, बिना साधन के चुनाव लड़ो लूट रहे हैं देश को और उच्चतम न्यायालय सुनवाई नहीं कर रहा। तीन साल बाद अब सुनवाई शुरू की है।